कांग्रेस ने मनसा देवी मंदिर मार्ग पर हादसे को लेकर शोक जताया, कहा-यह हादसा न केवल एक मानवीय त्रासदी है, बल्कि सरकार और प्रशासन की लापरवाही का जीता जागता सबूत

हरिद्वार । कांग्रेस ने मनसा देवी मंदिर मार्ग पर हादसे को लेकर शोक जताया है। कहा कि यह हादसा न केवल एक मानवीय त्रासदी है, बल्कि सरकार और प्रशासन की लापरवाही का जीता जागता सबूत भी है। कांग्रेस ने जिम्मेदारों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने की मांग उठाई है। पत्रकार वार्ता में कांग्रेस महानगर अध्यक्ष अमन गर्ग ने कहा कि मृतकों की संख्या को छुपाया जा रहा है।

कई श्रद्धालु अभी भी गंभीर रूप से घायल हैं और अस्पतालों में जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं। कहा कि पार्टी दिवंगत आत्माओं के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करती है। कहा कि यह घटना पूरी तरह से प्रशासन की असफलता और सरकार की लापरवाही का परिणाम है।

उन्होंने कहा कि श्रावण मास की शिवरात्रि के बाद का प्रथम शनिवार और रविवार को शहर में अधिक भीड़ रहती है। यह बात हर वर्ष प्रशासन को ज्ञात रहती है, फिर भी कोई पुख्ता तैयारी नहीं की गई। उन्होंने कहा कि मनसा देवी मंदिर में भीड़ नियंत्रण के मानकों को पूरी तरह नजरअंदाज किया गया।

भीड़ बढ़ने पर सीढ़ी वाले रास्ते को हमेशा वन वे किया जाता है। लेकिन घटना वाले दिन दोनों और से आवाजाही शुरू रखी गयी। जिससे अफरातफरी मची और बड़ा हादसा हो गया। आरोप लगाया कि हादसे के बाद पुलिस और प्रशासन की राहत टीमें देरी से पहुंचे। स्थानीय लोगों ने सबसे पहले रेस्क्यू शुरू किया। अमन गर्ग ने कहा कि जो सरकार मनसा देवी मंदिर के मार्ग का रखरखाव नहीं कर सकती। ऐसी सरकार को मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी को चंदा नहीं देना चाहिए।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता मुरली मनोहर ने कहा कि मंदिर मार्ग पर अतिक्रमण भी हादसे की वजह है। इसकी जांच होनी चाहिए। वरूण बालियान ने कहा कि मंदिर प्रबंधन को केवल दान लेने तक सीमित रहने के बजाए श्रद्धालुओं की सुरक्षा का जिम्मेदारी भी लेनी चाहिए। जवाबदेह लोगों पर कठोर कार्रवाई की जाए। दीपक टंडन ने कहा कि पूरे मनसा देवी क्षेत्र में चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं। वाहन पार्किंग की व्यवस्था को लागू किया जाए। यात्रीयों की संख्या एवं भीड़ के दबाव को समय-समय पर चेक किए जाने की व्यवस्था की जाए। श्रद्धालुओं की गणना के लिए कम्प्यूटराईज्ड कांउटिंग मशीन लगायी जाए। पत्रकारवार्ता में पूर्व विधायक रामयश सिंह, महेश प्रताप राणा, वरिष्ठ कांग्रेसनेत्री संतोष चौहान, मनोज सैनी, दीपक टंडन, पार्षद रोहित सेठी, सुनील कुमार, कैलाश भट्ट, सतेंद्र वर्मा, पुनीत कुमार, याज्ञिक वर्मा सहित कई कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *