शैक्षिक संस्था राष्ट्र और विश्व निर्माण की होती है आधारशिला: डॉ रमेश पोखरियाल निशंक, चमन लाल महाविद्यालय के स्थापना दिवस समारोह में पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए, उत्कृष्ट प्रतिभाओं को किया सम्मानित

लंढौरा । चमन लाल महाविद्यालय के स्थापना दिवस समारोह में मुख्य अतिथि पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने कहा कि महाविद्यालय ने अपनी 12 वर्ष की गौरवपूर्ण यात्रा पूरी कर आज एक वटवृक्ष का रूप धारण कर लिया है। उन्होंने कहा कि कोई भी शैक्षिक संस्था राष्ट्र और विश्व निर्माण की आधारशिला होती है। मुख्य अतिथि डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने अपने संबोधन में भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके जीवन संघर्ष और आदर्श मानव जाति के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति के माध्यम से देश लॉर्ड मैकाले की शिक्षा प्रणाली से बाहर निकलकर भारत की प्राचीन गौरवपूर्ण परंपरा को पुनः स्थापित कर रहा है। तक्षशिला और नालंदा जैसे विश्वविद्यालयों की परंपरा ही भारत को विश्वगुरु बनाती रही है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उन्हें केंद्रीय शिक्षा मंत्री के रूप में कार्य करने का अवसर मिला, उसी समय राष्ट्रीय शिक्षा नीति को लागू किया गया। उन्होंने छात्रों से कहा कि हम सभी मानव हैं, हमें मशीन नहीं बनना है। संवेदनाएं और संस्कार ही हमें बेहतर मनुष्य बनाते हैं। भारत पुनः विश्वगुरु बनने की ओर अग्रसर है और इसमें युवाओं की भागीदारी अनिवार्य है।
उन्होंने छात्र-छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारत ग्लोबल मार्केट नहीं, बल्कि ‘वसुधैव कुटुंबकम’ की भावना से जीने वाला देश है। यहां “सर्वे भवन्तु सुखिनः, सर्वे सन्तु निरामयाः” की सोच रखने वाले लोग रहते हैं। कठिन परिस्थितियों में भी दूसरों के लिए आदर्श प्रस्तुत करना ही भारत की विशेषता है। उन्होंने समयपालन, अनुशासन और परिश्रम को जीवन में सफलता का मूल मंत्र बताया।
उन्होंने महाविद्यालय की उपलब्धियों की सराहना करते हुए यूजीसी-नेट में सफल हुए छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं दीं और देहरादून में स्थापित भारत के पहले ‘लेखक गांव’ से जुड़ने का भी आह्वान किया। इस अवसर पर उन्होंने महाविद्यालय की पत्रिका चमन संदेश का विमोचन किया।
समारोह में महाविद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष रामकुमार शर्मा, सचिव अरुण हरित, बी एस एम पीजी कालेज प्रबंध समिति के सचिव डॉ. उमादत्त शर्मा ने मुख्य अतिथि को अभिनंदन पत्र अर्पित किया। अभिनंदन पत्र का वाचन डॉ दीपा अग्रवाल ने किया। इस मौके पर प्राचार्य डॉ. सुशील उपाध्याय ने विगत वर्षों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि अब तक 42 से अधिक छात्र-छात्राएं यूजीसी-नेट, सीएसआईआर नेट एवं जैम, गेट जैसी प्रतियोगी परीक्षाएं उत्तीर्ण कर चुके हैं। महाविद्यालय के एनसीसी कैडेट्स को गणतंत्र दिवस परेड में भी शामिल होने का गौरव प्राप्त हुआ है।

समारोह में डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, कॉलेज के संस्थापक अध्यक्ष ईश्वर चंद शर्मा और राज्यमंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि द्वारा महाविद्यालय की विशेष उपलब्धियां के लिए हिना खातून, आरजू मलिक, याम्या सिंह, कामेश्वर धीमान, शिवानी चौहान, मोहम्मद अफान, नेशनल गेम्स की कांस्य विजेता अंजिता, ईशा गुप्ता, राहुल और दीपा को यूजीसी नेट ,गेट और पीएचडी एवं कबड्डी प्रतियोगिता के विशेष चयन हेतु स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र दिया गया l सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्राएं इकरा, कशिश, फातिमा, सृष्टि को भी स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र दिया गया l कारगिल शहीद जितेंद्र शर्मा छात्रवृत्ति इतिहास में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाली छात्राएं विशाखा और सोनिया को प्रदान की गई l
इस अवसर पर राज्य मंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि, राज्यमंत्री शोभाराम प्रजापति, हरिद्वार जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. मधु सिंह, श्री योगेंद्र शर्मा, मनोज त्यागी, मनोज नायक, डॉ. संदीप खटाना, सतीश कुमार, अरविंद गौतम, अभिनव नवनीत सिंह सहित अनेक प्रमुख लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *