भीषण सड़क हादसा, बस में आग लगने से 20 यात्री जिंदा जले, राष्ट्रपति-पीएम ने जताया शोक
नई दिल्ली । आंध्र प्रदेश के कुरनूल में बड़ा हादसा हो गया। हैदराबाद से बंगलूरू जा रही सवारियों से भरी बस में भीषण आग लग गई। जानकारी के अनुसार कावेरी ट्रैवल्स की एक बस में कुरनूल के उपनगर चिन्नातेकुर में राष्ट्रीय राजमार्ग 44 पर आग लग गई। इस हादसे में 20 लोगों की मौत हो गई है। हादसे के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने शोक-संवेदना जताते हुए हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। कुरनूल रेंज के डीआईजी कोया प्रवीण ने बताया, लगभग 19 यात्री, दो बच्चे और दो ड्राइवर दुर्घटना में बच गए है।
पुलिस ने बताया कि शॉर्ट सर्किट के कारण बस का दरवाजा जाम हो गया और कुछ ही मिनटों में गाड़ी पूरी तरह जलकर खाक हो गई। पुलिस ने आगे बताया कि अधिकतर बचे लोगों की उम्र 25 से 35 साल के बीच थी। मृतकों में बाइक सवार भी शामिल है। पुलिस ने अभी तक 11 शवों की पहचान कर ली है।
कुरनूल के जिला कलेक्टर डॉ ए सिरी ने बताया, यह दुर्घटना सुबह 3 से 3:10 बजे के बीच हुई जब बस एक बाइक से टकरा गई, जिससे ईंधन रिसाव हुआ और आग लग गई। 41 यात्रियों में से 21 को सुरक्षित बचा लिया गया है। बाकी 20 में से 11 के शवों की अब तक पहचान हो पाई है। बाकी की पहचान के प्रयास जारी हैं।


