चीनी मिल में नया पेराई सत्र शुरू, प्रधान प्रबंधक तथा अन्य लोगों ने क्रेन में गन्ना डालकर पेराई शुरू कराई, सबसे पहली ट्राली लेकर आए किसान को प्रबंधन द्वारा पुरस्कार दिया गया
लक्सर । शुक्रवार को लक्सर चीनी मिल में नया पेराई सत्र शुरू हो गया। इससे पहले हर साल की तरह पूजा पाठ और हवन यज्ञ किया गया। इसके बाद प्रधान प्रबंधक तथा अन्य लोगों ने क्रेन में गन्ना डालकर पेराई शुरू कराई। इस दौरान मिल में सबसे पहली ट्राली लेकर आए किसान संदीप चौधरी मिर्जापुर को प्रबंधन द्वारा पुरस्कार भी दिया गया।
उद्घाटन अवसर पर शुगर मिल के डायरेक्टर आदिल सिंह, महाप्रबंधक एस.पी. सिंह, खानपुर विधायक उमेश कुमार, पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन, गन्ना विकास सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष (राज्य मंत्री) श्यामवीर सिंह सैनी, गन्ना समिति अध्यक्ष अनुराग चौधरी, समिति सचिव सूरजभान सिंह तथा सरकार द्वारा नामित डायरेक्टर राहुल सैनी शामिल हुए। महाप्रबंधक एस.पी. सिंह ने बताया कि मिल प्रबंधन किसानों के हितों के लिए प्रतिबद्ध है। पिछले पेराई सत्र का किसानों का संपूर्ण भुगतान किया जा चुका है, और भुगतान के मामले में लक्सर शुगर मिल राज्य में प्रथम स्थान पर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस सत्र में भी भुगतान समय से किया जाएगा।
राज्य मंत्री श्यामवीर सिंह सैनी ने कहा कि मिल बंद रहने से किसानों को नुकसान उठाना पड़ रहा था और किसान मजबूर होकर गन्ना कोल्हू पर बेच रहे थे। उन्होंने कहा कि मिल शुरू होने से किसानों को उचित मूल्य और लाभकारी रेट मिल सकेंगे।
खानपुर विधायक विधायक उमेश कुमार ने कहा कि पिछले वर्ष किसानों को काफी नुकसान हुआ था, लेकिन इस बार बेहतर उत्पादन हुआ है और किसानों के चेहरों पर रौनक वापस लौट आई है। इस मौके पर सहदीप सिंह, सुशील कुमार, अरुण प्रधान, शेर सिंह, अनिल चौधरी, धर्मपाल सिंह, सुनील कुमार, राजकुमार, जयपाल सिंह, नरेंद्र प्रधान, जितेंद्र चौधरी, मोहित कौशिक समेत हजारों लोग मौजूद रहे।

