कुमाऊं आयुक्त ने किया जिला चिकित्सालय का निरीक्षण: स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और पारदर्शिता पर विशेष जोर

 

बागेश्वर। कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने जिलाधिकारी आकांक्षा कोंड़े के साथ जिला चिकित्सालय बागेश्वर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्थाओं, आधारभूत संरचना, दवाइयों की उपलब्धता, आपातकालीन सेवाओं तथा ओपीडी संचालन की विस्तृत समीक्षा की।

आयुक्त ने अस्पताल परिसर, पंजीकरण काउंटर, ओपीडी कक्ष, विभिन्न वार्ड तथा अन्य इकाइयों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। ओपीडी में प्रतिदिन आने वाले मरीजों की संख्या, पंजीकरण प्रक्रिया तथा उपचार व्यवस्था की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान क्यूआर कोड के माध्यम से ओपीडी शुल्क भुगतान प्रणाली की जानकारी प्राप्त की ।

जन औषधि केंद्र में आवश्यक एवं जीवनरक्षक दवाइयों की उपलब्धता का गहन निरीक्षण किया। दवाओं के स्टॉक रजिस्टर, वितरण प्रणाली एवं मूल्य सूची की जांच करते हुए निर्देशित किया गया कि किसी भी परिस्थिति में आवश्यक दवाइयों की कमी न हो तथा मरीजों को निर्धारित दरों पर गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध कराई जाएं।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं ओपीडी में आए लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। प्राप्त शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

इस दौरान आपातकालीन चिकित्सा सेवा 108 एम्बुलेंस की उपलब्धता, प्रतिक्रिया समय, संचालन व्यवस्था एवं तकनीकी स्थिति पर भी विस्तृत चर्चा की गई। निर्देशित किया गया कि दूरस्थ एवं पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को समयबद्ध आपात सेवा उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता रहे।

चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों के साथ बैठक में मानव संसाधन की उपलब्धता, विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती, स्वच्छता व्यवस्था, उपकरणों की कार्यशीलता एवं आधारभूत ढांचे के सुदृढ़ीकरण पर विस्तार से चर्चा की गई। अस्पताल की समग्र कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाने हेतु आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी आर सी तिवारी, अपर जिलाधिकारी एन एस नबियाल,मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. तपन शर्मा, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनुपमा हयांकी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं चिकित्सक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *