हरिद्वार: डीएसओ ने पुष्पक गैस एजेंसी को नोटिस जारी किया, दो दिन में मांगा नोटिस का जवाब, गैस एजेंसी के कर्मचारी का गैस हेरफेरी करते सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था वीडियो
हरिद्वार । जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों पर जिला पूर्ति अधिकारी मुकेश पाल ने पुष्पक गैस एजेंसी को नोटिस जारी किया है। साथ ही एजेंसी प्रबंधक से दो दिन में नोटिस का जवाब मांगा गया है। शनिवार को सोशल मीडिया पर गैस एजेंसी के कर्मचारी का गैस हेरफेरी करते सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो गया था।
इसके बाद एजेंसी को नोटिस जारी करने के निर्देश डीएम ने डीएसओ को दिए थे। रविवार को डीएसओ ने बताया कि पुष्पक गैस एजेंसी के दो कर्मचारी छोटे वाहन से उत्तरी हरिद्वार में गैस की सप्लाई करते हैं। इन कर्मचारियों का एक वीडियो स्थानीय लोगों ने बनाया था। इसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए डीएम ने नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। निर्देशों के क्रम में नोटिस जारी कर एजेंसी प्रबंधन से दो दिन में स्पष्टीकरण मांगा गया है।नोटिस का जवाब उपलब्ध नहीं कराने पर गैस एजेंसी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। बताया कि अवैध गैस रिफिलिंग, भंडारण और घरेलू सिलेंडर के व्यावसायिक उपयोग करने पर आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत सख्त सजा का प्रावधान है। इसमें तीन महीने से सात साल तक की सजा और भारी जुर्माना लग सकता है। वहीं डीएसओ ने बताया कि जिले में गैस का कोई संकट नहीं है। घरेलू गैस सिलेंडर का स्टॉक पर्याप्त संख्या में मौजूद है।

