चारधाम यात्रा की तैयारियों के दृष्टिगत सचिव लोक निर्माण विभाग पंकज कुमार पांडेय ने किया राष्ट्रीय राजमार्ग NH-07 एवं NH-107 का स्थलीय निरीक्षण

रुद्रप्रयाग। आज लोक निर्माण विभाग के सचिव, पंकज कुमार पांडेय द्वारा आगामी चारधाम यात्रा की तैयारियों के दृष्टिगत राष्ट्रीय राजमार्ग NH-07 एवं NH-107 का स्थलीय निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान सचिव महोदय ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शेष कार्यों को अगले 2 दिनों के भीतर अनिवार्य रूप से पूर्ण किया जाए। उन्होंने मार्ग पर पड़े मलबे को तत्काल हटाने, धूल की समुचित सफाई सुनिश्चित करने तथा NH-107 के देविधार एवं रामपुर-खुमेरा खंड को और अधिक सुगम एवं सुरक्षित बनाने के निर्देश दिए।

सचिव महोदय द्वारा सोनप्रयाग स्लाइड ज़ोन पर जाली लगाकर आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही, सभी कार्यस्थलों पर कार्यरत कर्मियों को हेलमेट एवं अन्य सुरक्षा उपकरणों का अनिवार्य उपयोग करने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान सचिव महोदय ने NH-107 के कम चौड़ाई वाले स्थानों, विशेष रूप से ब्यांग, कोर्खी एवं सितापुर से पूर्व के भागों में, तकनीकी व्यवहार्यता का परीक्षण करते हुए दीवार निर्माण के माध्यम से सड़क चौड़ीकरण के प्रस्ताव पर कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

इसके अतिरिक्त, निरीक्षण के दौरान सितापुर के समीप PWD मार्ग की खराब स्थिति पर सचिव महोदय ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को उक्त मार्ग को 2 दिनों के भीतर गड्ढा मुक्त (pothole free) करने के निर्देश दिए।

सचिव महोदय ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि चारधाम यात्रा को दृष्टिगत रखते हुए समस्त कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए, जिससे यात्रियों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित हो सके।

इस दौरान अधिशासी अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग ओंकार पांडे, अधिशासी अभियंता लोनिवि रुद्रप्रयाग इंद्रजीत बोस, अधिशासी अभियंता लोनिवि उखीमठ आर पी नैथानी, अधिशासी अभियंता डीडीएमए राजविंद सिंह आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *