श्री केदारनाथ धाम में सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर डीएम व एसपी में सुरक्षाबलों को किया ब्रीफ, यात्रा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण, स्वास्थ्य, सुरक्षा व क्राउड मैनेजमेंट पर हुई समीक्षा बैठक
रुद्रप्रयाग। श्री केदारनाथ धाम यात्रा 2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर द्वारा कपाट खुलने से पूर्व आज श्री केदारनाथ धाम पहुंचकर यात्रा व्यवस्थाओं का व्यापक जायजा लिया गया।
इस दौरान दोनों अधिकारियों द्वारा धाम में तैनात पुलिस, आईटीबीपी, एसडीआरएफ, एटीएस सहित विभिन्न सुरक्षाबलों की संयुक्त ब्रीफिंग की गई। जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि यह हम सभी के लिए सौभाग्य की बात है कि हमें बाबा केदार की पावन यात्रा में सेवा का अवसर प्राप्त हुआ है। उन्होंने सभी सुरक्षाकर्मियों से टीम भावना के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने का आह्वान किया, जिससे श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम यात्रा अनुभव मिल सके।
पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर द्वारा भी सभी सुरक्षाबलों को आधुनिक तकनीक आधारित पुलिसिंग के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने हेतु सतर्कता, आपसी समन्वय एवं त्वरित प्रतिक्रिया पर विशेष बल दिया।
इसके उपरांत जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा संयुक्त रूप धाम क्षेत्र में हेलीपैड, होटल, टेंट एवं दुकानों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने एवं आवश्यक सुधार कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
तत्पश्चात जिलाधिकारी की अध्यक्षता में संबंधित विभागीय अधिकारियों, सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं बीकेटीसी (बदरी-केदार मंदिर समिति) के पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता, भीड़ प्रबंधन, स्वच्छता व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर, मुख्य कृषि अधिकारी लोकेंद्र बिष्ट, जिला कार्यक्रम अधिकारी अखिलेश मिश्रा, अधिशासी अभियंता (डीडीएमए) राजविंद सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी टी०आर० मलेठा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


