केदारनाथ धाम में सरकारी सम्पत्ति को क्षति पहुंचाने वाले अज्ञात अराजक तत्वों के विरुद्ध कोतवाली सोनप्रयाग में मुकदमा हुआ दर्ज

रुद्रप्रयाग। जनपद रुद्रप्रयाग में प्रचलित श्री केदारनाथ धाम यात्रा-2026 की व्यवस्थाओं को सुचारु बनाने के प्रयासों के बीच, धाम क्षेत्र में जन-सुविधाओं को नुकसान पहुंचाने का मामला सामने आया है। सुलभ इंटरनेशनल के सुपरवाइजर श्री मिंटू पाठक द्वारा दी गई लिखित तहरीर के आधार पर कोतवाली सोनप्रयाग पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर विवेचनात्मक कार्यवाही प्रारम्भ करर दी है।

​तहरीर के अनुसार, सेक्टर केदारनाथ, हेलीपैड एवं घोड़ापड़ाव अंतर्गत स्थापित सार्वजनिक शौचालयों में अज्ञात व्यक्तियों द्वारा तोड़फोड़ की गई है। केदारनाथ धाम स्थित हाट बाजार, पीडब्ल्यूडी ऑफिस के पीछे, पंजाब सिंध भवन के पास और बेस कैंप क्षेत्र में कुल 05 दरवाजे क्षतिग्रस्त किए गए हैं। इसके अतिरिक्त केदारनाथ अन्तर्गत विभिन्न सेक्टरों में कुल 12 नल और 60 सिस्टन को भी जानबूझकर तोड़ा गया है। इस अराजक कृत्य से न केवल सार्वजनिक सम्पत्ति को भारी नुकसान हुआ है, बल्कि आम जनमानस और आये हुए यात्रियों के लिए असुविधा की स्थिति पैदा हुई है।

​मामले की गम्भीरता को देखते हुए कोतवाली सोनप्रयाग पुलिस ने प्राप्त तहरीर के आधार पर अज्ञात अभियुक्तों के विरुद्ध सार्वजनिक सम्पत्ति नुकसान निवारण अधिनियम, 1984 की धारा 3 के तहत मु0अ0सं0 07/2026 पंजीकृत किया गया है। इस मामले की विवेचना जारी है।
​रुद्रप्रयाग पुलिस स्पष्ट चेतावनी देती है कि प्रचलित केदारनाथ यात्रा की गरिमा और जन-सुविधाओं को नुकसान पहुंचाने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और उनके विरुद्ध कठोरतम वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
साथ ही जनपद पुलिस प्रशासन सभी से अपील करता है कि प्रचलित यात्रा में आवश्यक व्यवस्थाएं बनाने में पुलिस व प्रशासन को अपेक्षित सहयोग प्रदान करें, प्रशासन के स्तर से केदारनाथ धाम आ रहे सभी यात्रियों को आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *