बुग्गावाला: नदी में नहाने के लिए गए किशोर को मगरमच्छ ने खींच लिया, हमले में किशोर की मौत, घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

भगवानपुर / बुग्गावाला। नदी में नहाने के लिए गए एक किशोर को मगरमच्छ ने खींच लिया। इस हमले में किशोर की मौत हो गई। शुक्रवार सुबह उसका शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। उधर, इस घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

यह घटना बुग्गावाला थानाक्षेत्र के ग्राम बंजारेवाला में हुई। गांव निवासी राजा (12) पुत्र प्रमोद गुरुवार को दोपहर में साइकिल से चीला वाली नदी में नहाने गया था। नदी के पास गड्ढों में भी पानी भरा हुआ है। यहां पर मगरमच्छ ने राजा को खींच लिया। परिजन दोपहर से लेकर रात तक उसकी तलाश करते रहे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग पाया। शुक्रवार की सुबह करीब नौ बजे ग्रामीण नदी के पास गए थे।

उन्होंने खून से लतपथ राजा का शव देखा और परिजन को इस बावत सूचित किया। साथ ही पुलिस को इस घटना के बारे में जानकारी दी गई। शव को देखकर मगरमच्छ के हमला करने की बात सामने आई।

इसके बाद पुलिस व परिजन मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी। राजा के पिता प्रमोद मजदूरी करते हैं। उसकी दो छोटी बहनें व एक भाई भी हैं। वह गांव के ही सरकारी स्कूल में सातवीं कक्षा में पढ़ता था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *