उपजिलाधिकारी अनिल रावत ने ग्राउंड जीरो पर जाकर यात्रा व्यवस्थाओं का लिया विस्तृत जायजा, सोनप्रयाग-गौरीकुंड में दिए आवश्यक निर्देश, जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशन में व्यवस्थित चल रही श्री केदारनाथ यात्रा
रुद्रप्रयाग। श्री केदारनाथ धाम यात्रा को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और सुगम बनाने के उद्देश्य से ज़िलधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशन में उपजिलाधिकारी ऊखीमठ अनिल रावत ने आज विभिन्न यात्रा पड़ावों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सोनप्रयाग पहुंचकर पार्किंग व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की और मौके पर मौजूद अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसडीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि पार्किंग स्थलों पर प्रतिदिन आने वाले वाहनों को क्रमबद्ध एवं सुव्यवस्थित ढंग से खड़ा किया जाए, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे और यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने विशेष रूप से भीड़भाड़ के समय अतिरिक्त सतर्कता बरतने और पर्याप्त संख्या में कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके पश्चात उपजिलाधिकारी ने गौरीकुंड में तप्त कुंड का निरीक्षण कर वहां की साफ-सफाई, सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं के उपयोग में आने वाले स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने के साथ-साथ सुरक्षा मानकों का पूर्ण रूप से पालन सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने घोड़ा पड़ाव में घोड़ा-खच्चर, डंडी-कंडी संचालकों से भी बातचीत की और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने संचालकों को यात्रियों के साथ विनम्र व्यवहार बनाए रखने तथा निर्धारित नियमों का पालन करने के निर्देश दिए, ताकि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम सेवाएं मिल सकें।
उपजिलाधिकारी ने कहा कि केदारनाथ यात्रा में श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर यात्रा को सुचारू रूप से संचालित किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे नियमित रूप से फील्ड में मौजूद रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करें और किसी भी समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।

