केदारनाथ यात्रा: महिलाओं और बुजुर्गों के लिए परिवहन विभाग की सराहनीय पहल, 20 वाहन किए गए आरक्षित

रुद्रप्रयाग । केदारनाथ धाम यात्रा में इस वर्ष श्रद्धालुओं का अभूतपूर्व सैलाब उमड़ रहा है। बड़ी संख्या में पहुंच रहे तीर्थयात्रियों को ध्यान में रखते हुए परिवहन विभाग रुद्रप्रयाग ने यात्रा को अधिक सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए सराहनीय पहल शुरू की है। विभाग द्वारा पूरे यात्रा काल के दौरान महिलाओं और बुजुर्ग श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 20 विशेष वाहन आरक्षित किए गए हैं।

इन विशेष वाहनों के माध्यम से तीर्थयात्रियों को सोनप्रयाग से गौरीकुंड तक सुरक्षित और सहज परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
एआरटीओ (प्रवर्तन) धर्मेंद्र सिंह बिष्ट ने जानकारी देते हुए बताया कि विभाग का उद्देश्य यात्रा को सभी वर्गों के लिए सुविधाजनक बनाना है। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से वृद्धजन और महिला श्रद्धालुओं को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था लागू की गई है, ताकि उन्हें भी बिना किसी कठिनाई के यात्रा का अनुभव मिल सके।

उन्होंने यह भी बताया कि इन वाहनों का संचालन निर्धारित नियमों और सुरक्षा मानकों के तहत किया जाएगा। साथ ही परिवहन विभाग द्वारा पूरे यात्रा मार्ग पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, जिससे किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या असुविधा की स्थिति उत्पन्न न हो। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त व्यवस्थाएं भी की जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *