श्री केदारनाथ यात्रा 2026: सुदृढ़ व्यवस्थाओं से गदगद श्रद्धालु, सुगम और सुरक्षित यात्रा का मिल रहा श्रेष्ठ अनुभव, राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन की बेहतर तैयारी लाई रंग: बाबा केदार के हो रहे सुव्यवस्थित दर्शन, श्रद्धालुओं ने की जमकर सराहना

रुद्रप्रयाग। श्री केदारनाथ धाम यात्रा 2026 सुचारु रूप से संचालित हो रही है। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुगमता सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन द्वारा किए गए व्यापक प्रबंधों की तीर्थयात्रियों द्वारा सराहना की जा रही है। यात्रा मार्ग से लेकर धाम परिसर तक पेयजल, स्वच्छता, चिकित्सा, सुरक्षा एवं दर्शन व्यवस्था को सुव्यवस्थित रूप से संचालित किया जा रहा है, जिससे श्रद्धालुओं का यात्रा अनुभव सुखद एवं संतोषजनक बन रहा है।

वैशाली, गाजियाबाद निवासी श्रद्धालु मोनिका वर्मा ने बताया कि पैदल मार्ग से यात्रा करने के दौरान उन्हें हर आवश्यक सुविधा सुलभ रूप से उपलब्ध हुई। उन्होंने कहा कि मार्ग पर पेयजल, खाद्य सामग्री, स्वच्छ शौचालय एवं साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था है। उन्होंने यह भी कहा कि यात्रा से पूर्व उन्हें कुछ भ्रामक सूचनाओं के कारण चिंता थी, लेकिन धाम पहुंचने पर उन्होंने पाया कि प्रशासन द्वारा सभी व्यवस्थाएं प्रभावी ढंग से की गई हैं। उन्होंने अन्य श्रद्धालुओं से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और निश्चिंत होकर यात्रा करें।

अंबाला निवासी श्रद्धालु आकाश ने कहा कि वह प्रतिवर्ष बाबा केदार के दर्शन हेतु आते हैं और इस वर्ष की व्यवस्थाएं पूर्व वर्षों की तुलना में और अधिक सुदृढ़ एवं सुव्यवस्थित हैं। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से समान रूप से दर्शन कराए जा रहे हैं तथा वीआईपी व्यवस्था का अभाव है, जिससे सभी को समान अवसर मिल रहा है। इसके लिए प्रशासन द्वारा प्रभावी बैरिकेडिंग एवं प्रबंधन किया गया है।

श्रद्धालु निशा गहतोड़ी ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि पैदल मार्ग पर थोड़ी-थोड़ी दूरी पर शौचालय, पेयजल, चिकित्सा इकाइयों एवं सुरक्षा व्यवस्था की उपलब्धता से यात्रा अत्यंत सुगम हो गई है। स्वच्छता व्यवस्था भी संतोषजनक है, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ रहा।

तीर्थ पुरोहित पंडित रमेश चंद्र पोस्ती ने कहा कि उच्च हिमालयी क्षेत्र में स्थित श्री केदारनाथ धाम में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना चुनौतीपूर्ण कार्य है, किंतु सरकार एवं प्रशासन द्वारा समर्पित प्रयासों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। उन्होंने बाबा केदार से सभी श्रद्धालुओं के जीवन में सुख-समृद्धि की कामना की।

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के नेतृत्व में जिला प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य एवं आपदा प्रबंधन की टीमें समन्वय के साथ निरंतर कार्य करते हुए यात्रा को सुरक्षित, सुचारु एवं व्यवस्थित बनाए रखने में जुटी हैं। जिला प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे केवल आधिकारिक सूचनाओं पर विश्वास करें तथा यात्रा के दौरान निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *