कलियर में देर रात दो बाइकों की टक्कर, तीन युवकों की मौके पर ही मौत, दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल
कलियर। कलियर थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कांवड़ पटरी मार्ग पर बाजुहेड़ी के पास दो बाइकों की आमने-सामने हुई भीषण भिड़ंत में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। घटना सोमवार रात करीब 10:30 बजे की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों मोटरसाइकिलें अत्यधिक तेज गति में थीं और बाजुहेड़ी के पास अचानक आमने-सामने टकरा गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइकें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और उन पर सवार युवक सड़क पर जा गिरे।
सूचना मिलते ही कलियर कोतवाली प्रभारी कमल मोहन भंडारी पुलिस टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों गंभीर रूप से घायल युवकों को एम्बुलेंस के जरिए रुड़की सिविल अस्पताल भिजवाया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया है। देर रात तक मृतकों और घायलों की शिनाख्त नहीं हो पाई थी।
पुलिस शिनाख्त के प्रयास करने के साथ ही हादसे के कारणों की जांच में जुट गई है। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे रात के समय गति सीमा का ध्यान रखें और सावधानीपूर्वक वाहन चलाएं।


