कैन्ट बोर्ड स्कूल रुड़की में 10 के मेधावी छात्र-छात्राओं को गोल्ड मेडल पहनाकर किया गया सम्मानित, प्रधानाचार्य डाॅ. नरेंद्र कुमार ने कहा-छात्र-छात्राओं को सदैव यह सिद्धांत अपनाना चाहिए कि कठिन परिश्रम ही सफलता की कुंजी
रुड़की । कैन्ट बोर्ड स्कूल रुड़की में गुरुवार को प्रार्थना सभा के दौरान एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में लायंस ओलिंपियाड फाउंडेशन, नई दिल्ली द्वारा उपलब्ध कराए गए गोल्ड मेडल विद्यालय के उत्तीर्ण मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रदान किए गए।
विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. नरेन्द्र कुमार ने कक्षा 10 के मेधावी छात्र-छात्राओं आयुष (89.2 प्रतिशत), अनुप्रिया (80.4 प्रतिशत) तथा आदित्य पांचाल (78.4 प्रतिशत) को गोल्ड मेडल पहनाकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य डॉ. नरेन्द्र कुमार ने तीनों विद्यार्थियों को प्रोत्साहन स्वरूप एक माह की स्कूल फीस भी प्रदान की। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं को सदैव यह सिद्धांत अपनाना चाहिए कि कठिन परिश्रम ही सफलता की कुंजी है। मेहनत और लगन से ही जीवन में सफलता प्राप्त की जा सकती है। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के समस्त शिक्षकों और कर्मचारियों ने मेधावी छात्र-छात्राओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। विद्यालय में आयोजित इस सम्मान समारोह से विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।


