रक्षाबंधन से पहले रुड़की में भाई-बहन के रिश्ते को तार-तार कर देने वाली घटना, भाई ने अपनी दो सगी बहनों को गोलियों से भून दिया

 

रुड़की । रक्षाबंधन से ठीक पहले रुड़की में भाई-बहन के रिश्ते को तार-तार कर देने वाली घटना सामने आई है। बहनें जहां भाई की कलाई पर राखी बांधने की तैयारी कर रही थीं, वहीं भाई ने ही दोनों बहनों को गोलियों से भून दिया। त्योहार की तैयारी कर रहे परिवार में इस वारदात के बाद मातम पसर गया। वहीं, पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

घटनाक्रम के अनुसार, मंगलवार शाम आरोपी भाई पहले प्रीत विहार में रह रही संगीता उर्फ शकुंतला (50) के यहां पहुंचा। करीब 7:20 बजे वह घर से कुछ दूरी पर सेक्टर रोड पर ई-रिक्शा से जा रही थी। इसी दौरान उसके भाई ने उस पर गोली चला दी।

गोली पेट में लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई। इसके बाद आरोपी करीब दो किलोमीटर दूर करीब 20 मिनट के अंतराल पर सुभाषनगर पहुंचा, जहां उसकी दूसरी बहन पुष्पा (42) रहती थी। आरोपी के पहुंचने पर जैसे ही पुष्पा ने दरवाजा खोला, उसने उस पर भी गोली चला दी। गोली की आवाज सुनकर पुष्पा के पति संदीप बाहर आए तो आरोपी ने उन्हें भी कंधे में गोली मारकर घायल कर दिया और मौके से फरार हो गया।

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों बहनों को सिविल अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घायल संदीप का उपचार चल रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही गंगनहर कोतवाली प्रभारी मणिभूषण श्रीवास्तव, सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी प्रदीप बिष्ट पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। सीओ रुड़की ओसीन जोशी और एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने भी घटनास्थलों का निरीक्षण किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *