बंजारेवाला में गुलदार की दस्तक से दहशत, कुत्ते को बनाया निवाला, रातभर पहरा देने को मजबूर ग्रामीण

बुग्गावाला। बुग्गावाला क्षेत्र के बंजारेवाला गांव में गुलदार की लगातार दस्तक से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। पिछले दो दिनों से गांव के आसपास गुलदार की आवाजाही देखी जा रही है। शुक्रवार देर रात गुलदार एक बार फिर आबादी में घुस आया और एक कुत्ते को अपना निवाला बना लिया। ग्रामीणों के शोर मचाने पर वह जंगल की ओर भाग गया। घटना के बाद पूरे गांव में भय का माहौल बना हुआ है।

ग्रामीणों के अनुसार, गुलदार देर रात गांव में दाखिल हुआ और घरों के पास घूम रहे एक कुत्ते पर हमला कर दिया। अचानक हुई घटना से लोगों में अफरा-तफरी मच गई। शोर-शराबा सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद गुलदार वहां से भाग निकला। हालांकि, तब तक कुत्ते की मौत हो चुकी थी।

ग्रामीण ब्रजमोहन, कुलदीप, सुशील सहगल, अमीचंद, सुभाष और दीपक ने बताया कि लगातार दूसरे दिन गुलदार के गांव में आने से लोगों की चिंता बढ़ गई है। बच्चों और महिलाओं को घर से अकेले बाहर नहीं निकलने दिया जा रहा है। शाम होते ही लोग घरों में कैद होने को मजबूर हैं, जबकि कई ग्रामीण रातभर जागकर बारी-बारी से गांव में पहरा दे रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।

ग्रामीणों ने वन विभाग से गांव में पिंजरा लगाने, गश्त बढ़ाने और गुलदार को जल्द पकड़ने की मांग की है। उनका कहना है कि आबादी के बीच लगातार हो रही गुलदार की आमद लोगों के लिए खतरे की घंटी है।

खानपुर रेंज के रेंजर प्रियांशु पांडे ने बताया कि वन विभाग की टीम लगातार क्षेत्र में निगरानी कर रही है और गश्त बढ़ा दी गई है। गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। जल्द ही उसे पकड़कर सुरक्षित जंगल में छोड़ने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने ग्रामीणों से सतर्क रहने और गुलदार दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना देने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *