भगवानपुर: बेहड़ेकी सैदाबाद गाँव में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि शामिल हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता सुशील पेगोवाल, कहा-भगवान श्री कृष्ण का जीवन हमें विपरीत परिस्थितियों में भी धैर्य बनाए रखने, अन्याय के खिलाफ खड़े होने और अपने कर्तव्य का ईमानदारी से पालन करने की सीख देता है
भगवानपुर । क्षेत्र के गांव बेहड़ेकी सैदाबाद में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन श्रद्धा और उल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता सुशील पेगोवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप के दर्शन किए और पूजा-अर्चना की।
इस दौरान कार्यक्रम स्थल पर भगवान श्रीकृष्ण की मनमोहक झांकी सजाई गई। श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लिया। राधा-कृष्ण की झांकी एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। पूरा वातावरण भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से भक्तिमय हो गया। कमेटी की ओर से भाजपा के वरिष्ठ नेता सुशील पेगोवाल का जोरदार स्वागत करते हुए उन्हें सम्मानित भी किया गया।
मुख्य अतिथि सुशील पेगोवाल ने सभी क्षेत्रवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हमें धर्म, सत्य, कर्म और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज में आपसी भाईचारे और एकता को मजबूत करते हैं। इस मौके पर कमेटी के अध्यक्ष विपिन त्यागी, अंकित त्यागी, बृजमोहन त्यागी, प्रदीप त्यागी सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।






























