नैनीताल जिला सूचना अधिकारी गिरिजा शंकर जोशी को दी गई अंतिम विदाई

हल्द्वानी । जिला सूचना अधिकारी, नैनीताल गिरिजा शंकर जोशी का 12 सितंबर की दोपहर आकस्मिक हृदयगति रुकने से निधन हो गया। उनके निधन से सूचना विभाग सहित जनपद के मीडिया जगत एवं विभिन्न विभागों में शोक की लहर है। स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र एवं एक पुत्री सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।

स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी का अंतिम संस्कार रविवार, 13 सितंबर को रानीबाग स्थित चित्रशिला घाट पर पूरे गमगीन माहौल में किया गया। उनकी अंतिम यात्रा प्रातः 8 बजे उनके निवास स्थान बीके पुरम, निकट रेनबो पब्लिक स्कूल, बिठोरिया नंबर-1, हल्द्वानी से चित्रशिला घाट के लिए रवाना हुई।

चित्रशिला घाट पर आयोजित अंत्येष्टि में नैनीताल-ऊधमसिंह नगर सांसद अजय भट्ट, मीडिया सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष ध्रुव रौतेला, दर्जा राज्यमंत्री शंकर कोरंगा, जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल, सिटी मजिस्ट्रेट ए.पी. बाजपेयी, नगर आयुक्त पारितोष वर्मा, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, सहायक निर्वाचन अधिकारी नैनीताल हंसादत्त पांडे, भट्ट, संयुक्त निदेशक/महानिदेशक सूचना के प्रतिनिधि के.एस. चौहान, संपादक कमलेश भट्ट ,जिला सूचना अधिकारी ऊधमसिंह नगर गोविंद बिष्ट, प्रभारी मीडिया सेंटर हल्द्वानी अहमद नदीम, सहित जनपद के समस्त पत्रकार बंधु एवं सूचना विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं शोकाकुल परिजनों ने पहुंचकर स्वर्गीय जोशी को अंतिम विदाई दी।
इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उपस्थित लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।

दिनांक 14 सितंबर 2026 को प्रातः 11 बजे मीडिया सेंटर हल्द्वानी में शोक सभा

स्वर्गीय जिला सूचना अधिकारी गिरिजा शंकर जोशी की स्मृति में दिनांक 14 सितंबर 2026 को प्रातः 11 बजे मीडिया सेंटर हल्द्वानी में शोक सभा की जाएगी। शोक सभा में सूचना विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, जनपद के पत्रकार बंधु एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित होकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *