गन्ना समिति लिब्बरहेड़ी में किसानों को ऑनलाइन व्यवस्था के तहत मिलेंगे उर्वरक, उर्वरक मिलने की लंबी प्रक्रिया से किसानों को मिलेगी राहत
मंगलौर। गन्ना क्षेत्रफल में वृद्धि, गन्ना किसानों की मूलभूत समस्याओं के त्वरित समाधान तथा आगामी पेराई सत्र के दौरान किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके उद्देश्य से गन्ना समिति लिब्बरहेड़ी के चौधरी चरण सिंह सभागार में गन्ना किसानों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक के मुख्य अतिथि जिला सहकारी बैंक लि. हरिद्वार के अध्यक्ष चौधरी बिजेंद्र सिंह रहे, जबकि अध्यक्षता जिला सहकारी बैंक लि. हरिद्वार के उपाध्यक्ष एवं गन्ना समिति लिब्बरहेड़ी के अध्यक्ष प्रतिनिधि सुशील राठी ने की।
बैठक में आगामी पेराई सत्र के लिए गन्ना क्रय केंद्रों की स्थापना, गन्ना किसानों की समस्याओं, उर्वरकों की उपलब्धता, नई गन्ना प्रजातियों को बढ़ावा देने तथा पेराई सत्र के दौरान आने वाली संभावित समस्याओं के समयबद्ध समाधान को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष चौधरी बिजेंद्र सिंह ने कहा कि गन्ना किसानों की समस्याओं का त्वरित समाधान कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने किसानों से कहा कि सहकारी बैंक की ओर से किसानों को एक लाख रुपये तक का ब्याज रहित ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है, जिसका किसान अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
सुशील राठी ने चीनी मिल अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि पेराई सत्र शुरू होने से पूर्व सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली जाएं, ताकि पेराई सत्र के दौरान गन्ना किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने बैठक में किसानों द्वारा उठाई गई समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन देते हुए कहा कि नई गन्ना प्रजातियों को बढ़ावा देने तथा किसानों को उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएंगे।
सुशील राठी ने बताया कि गन्ना समिति लिब्बरहेड़ी के सभी उर्वरक बिक्री केंद्रों को ऑनलाइन कर दिया गया है। इससे किसानों को लंबी प्रक्रिया से राहत मिलेगी तथा वे बिना इंडेंट पास कराए सीधे उर्वरक बिक्री केंद्र से उर्वरक प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था के लागू होने के साथ गन्ना समिति लिब्बरहेड़ी जनपद की पहली ऑनलाइन उर्वरक बिक्री व्यवस्था वाली समिति बन गई है।
बैठक में सहायक गन्ना आयुक्त हरिद्वार कपिल मोहन ने कहा कि किसानों की मांग एवं आवश्यकता के अनुसार गन्ना क्रय केंद्र स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि गन्ना विभाग से संबंधित किसानों की समस्याओं का भी तत्काल समाधान कराया जाएगा। इस दौरान क्षेत्र के किसानों ने विभिन्न स्थानों पर गन्ना क्रय केंद्र स्थापित किए जाने के लिए आवेदन भी प्रस्तुत किए।
बैठक में संचालक पवन सैनी, सुनील कुमार बिट्टू, राज्य स्तरीय गन्ना सलाहकार समिति के सदस्य दिनेश कौशिक एवं आशुतोष सिंह, उत्तम चीनी मिल लिब्बरहेड़ी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अजय खंडेलवाल, लक्सर चीनी मिल के गन्ना उपमहाप्रबंधक प्रवीण कुमार, ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक अमित सैनी, समिति के सचिव प्रभारी अनन्त सिंह, मांगेराम सिरोही, अवनीश चेयरमैन, कुलबीर प्रधान, पारुल चेयरमैन, अक्षय सैनी प्रधान, बिजेंद्र राठी, पवन जैनर, विकास चौधरी, शोभित गुप्ता, विशु गौतम, सन्नी कुमार, सोनू जमींदार सहित क्षेत्र के गन्ना किसान, किसान प्रतिनिधि, गन्ना विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


