भगवानपुर कोतवाली पुलिस ने किया आदित्य उर्फ आदि राणा हत्याकांड का खुलासा, पिता और उसके दो बेटों समेत तीन आरोपी गिरफ्तार

भगवानपुर । प्रताप कॉलोनी में गुरुवार रात युवक आदि राणा की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने पिता और उसके दो बेटों समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त तमंचा भी बरामद किया है। तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर दिया गया। भगवानपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रितेश शाह ने बताया कि आदि राणा का लकी उर्फ रोहित शर्मा से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था।

मौके पर लोगों ने मामला शांत करा दिया था। इसके बाद लकी और उसके परिजनों ने विवाद खत्म करने और बातचीत के बहाने आदि राणा को अपने घर बुलाया। आदि अपने दोस्तों के साथ अनिल शर्मा के घर पहुंचा था। बातचीत के दौरान दोनों पक्षों में फिर विवाद हो गया।

आरोप है कि विवाद बढ़ने पर अनिल शर्मा और उसके दोनों बेटों राहुल शर्मा व लकी उर्फ रोहित शर्मा ने आदि राणा पर गोली चला दी। गोली लगने से आदि गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। गोली चलने की आवाज से आसपास अफरातफरी मच गई। परिजन और अन्य लोग घायल आदि को उपचार के लिए अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल की जांच की और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस टीम ने दबिश देकर अनिल शर्मा, उसके बेटे राहुल शर्मा और लकी उर्फ रोहित शर्मा को इमली रोड स्थित टोल प्लाजा के पास आरा मशीन के समीप से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त तमंचा बरामद किया गया। भगवानपुर कोतवाली प्रभारी रितेश शाह ने बताया कि हत्या के मामले में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया। जहां से तीनों हत्यारोपियों को जेल भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *