कलियर के गेस्ट हाउस में मिला मुजफ्फरनगर के यूट्यूबर का शव, आत्महत्या की आशंका, पुलिस मौके पर पहुंची शुरू की जांच

कलियर । पिरान कलियर स्थित एक गेस्ट हाउस में मुजफ्फरनगर निवासी यूट्यूबर आतिफ का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक तौर पर आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह का पता चल सकेगा।

मिली जानकारी के अनुसार मुजफ्फरनगर जिले के गांव निराना निवासी आतिफ मुजफ्फरनगर में किराये के कमरे में रहता था। वह इंस्टाग्राम पर वीडियो बनाता था। बताया जा रहा है कि वह एक युवती और उसके भाई के साथ रहता था। युवती से किसी बात को लेकर उसकी नाराजगी हो गई थी। इसके बाद बुधवार रात करीब 11 बजे आतिफ कलियर पहुंचा और एक गेस्ट हाउस में कमरा किराये पर ले लिया।

बताया गया कि गुरुवार सुबह करीब पांच बजे युवती ने आतिफ को वीडियो कॉल की। इस दौरान आतिफ ने कथित तौर पर फंदे से लटककर आत्महत्या करने की बात कही। युवती ने दूसरे मोबाइल फोन से वीडियो कॉल के जरिए आतिफ के भाई को घटना दिखाई। इसके बाद भाई ने वीडियो का स्क्रीनशॉट लेकर परिजनों को भेज दिया।

घटना की जानकारी मिलने पर आतिफ के परिजन कलियर कोतवाली पहुंचे और पुलिस को पूरे मामले से अवगत कराया। परिजनों से मिली जानकारी और लोकेशन के आधार पर पुलिस गेस्ट हाउस पहुंची। वहां कमरे में आतिफ का शव पंखे से लटका मिला। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाने की कार्रवाई की।कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *