‘स्वच्छता अभियान 6.0’ के अंतर्गत केंद्रीय संचार ब्यूरो, देहरादून ने पर्यावरण मित्रों को किया सम्मानित
देहरादून। केंद्रीय संचार ब्यूरो, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार, प्रादेशिक कार्यालय देहरादून की ओर से शुक्रवार को नगर निगम देहरादून में देशव्यापी स्वच्छता अभियान 6.0 के अंतर्गत कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 10 पर्यावरण मित्रों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर निगम देहरादून के आयुक्त अलोक कुमार पांडेय ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आनंद शुक्ला, राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी मजदूर यूनियन के अध्यक्ष सुनील कुमार खैरवाल और सचिव धीरज भारती मौजूद रहे। इस अवसर पर केंद्रीय संचार ब्यूरो देहरादून तथा नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
केंद्रीय संचार ब्यूरो देहरादून के कार्यक्रम अधिकारी अनिल दत्त शर्मा ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य स्वच्छता, साफ-सफाई, स्वास्थ्य रक्षा और स्वच्छ एवं स्वस्थ कार्य-वातावरण के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को अपनी दिनचर्या में अपनाकर ही स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है।
कार्यक्रम के माध्यम से स्वच्छता की संस्कृति विकसित करने, नागरिक जिम्मेदारी को बढ़ावा देने और स्वच्छता संबंधी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने दैनिक कार्यों में स्वच्छता संबंधी आदतों को अपनाने का संदेश दिया गया।
इन्हें किया गया सम्मानित
कार्यक्रम में विकास (वार्ड संख्या 86, सेवलाकला), ऋषिपाल (वार्ड संख्या 12, किशननगर), रामचन्द्रा (वार्ड संख्या 87, पित्थूवाला), सुशील (वार्ड संख्या 21, एमकेपी), रेनू (वार्ड संख्या 21, एमकेपी), प्रवीण (वार्ड संख्या 21, एमकेपी), अनिल (वार्ड संख्या 10, डोभालवाला), सुरेश (वार्ड संख्या 10, डोभालवाला), अजय (वार्ड संख्या 11, विजय कॉलोनी) और रामदास (वार्ड संख्या 89, मेहूंवाला) को सम्मानित किया गया।

