रुड़की के ब्रांड एम्बेसडर एवं भारतीय शूटिंग बॉल टीम के पूर्व उपकप्तान सूरज चौधरी ने श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल में वार्षिक खेल दिवस 2026 का किया शुभारंभ
रुड़की। शूटिंग बॉल वर्ल्ड कप सिल्वर मेडलिस्ट, भारतीय शूटिंग बॉल टीम के पूर्व उपकप्तान एवं नगर निगम रुड़की के ब्रांड एम्बेसडर सूरज चौधरी ने श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल, रुड़की में आयोजित वार्षिक खेल दिवस 2026 में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने फीता काटकर खेल दिवस का विधिवत शुभारंभ किया तथा विद्यार्थियों को खेलों के प्रति प्रेरित किया।
इस अवसर पर सूरज चौधरी ने कहा कि आज के डिजिटल युग में बच्चों को मोबाइल फोन की अत्यधिक लत से दूर रखना और उन्हें खेल मैदान से जोड़ना बेहद आवश्यक है। खेल बच्चों के मानसिक एवं शारीरिक विकास के साथ-साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं टीम भावना का विकास करते हैं। उन्होंने कहा कि “मोबाइल से दूरी, खेलों से दोस्ती” आज के समय का महत्वपूर्ण संदेश होना चाहिए।
उन्होंने विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रदीप शर्मा एवं समस्त शिक्षकगण को शानदार आयोजन के लिए बधाई दी। साथ ही खेल शिक्षक मनोहर खान के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय लगातार खेलों के क्षेत्र में नए मुकाम हासिल कर रहा है।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि अनिल कोहली, ब्लॉक खेल समन्वयक सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
सूरज चौधरी ने कहा कि विद्यालयों में इस प्रकार के खेल आयोजनों से बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है और भविष्य के अच्छे खिलाड़ी तैयार होते हैं। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ खेलों को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।























