संविदा पर नियुक्त चालक ने अधिकारी को मारी गोली, कनखल पुलिस ने हिरासत में लिया, अधिकारी बाल-बाल बचे, गोली छूकर निकली; एम्स में चल रहा है उपचार, अधिकारी की टोका टाकी से था नाराज

हरिद्वार । संविदा पर नियुक्त चालक ने अधिकारी पर तमंचे से गोली चला दी। हमले में अधिकारी बाल-बाल बच गए। गोली उन्हें छूकर निकल गयी। गोली चलाने के बाद आरोपी चालक ने साक्ष्य मिटाने के लिए कार्यालय की साफ-सफाई कर कपड़े बदलकर फरार होने की तैयारी में था। लेकिन फरार होने से पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया। आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा और खोखा कारतूस बरामद किया गया है। घायल हुए अधिकारी को पहले बंगाली अस्पताल और उसके बाद एम्स में भर्ती कराया गया है। जहां उनका उपचार चल रहा है।

चालक और अधिकारी के बीच कई महीने से विवाद चल रहा था। चालक अधिकारी की टोका टोकी से नाराज था। घटना थाना कनखल क्षेत्र के विष्णु गार्ड की है। विष्णु गार्डन स्थित एक कार्यालय में संविदा पर चालक के पद पर तैनात विनोद नेगी पुत्र भारत सिंह निवासी ग्राम जयहरी तहसील यमकेश्वर जनपद पौड़ी गढ़वाल हाल निवासी सर्वप्रिय विहार कनखल ने अपने अधिकारी चन्द्रप्रकाश नौटियाल, निवासी विष्णु गार्डन, कनखल को गोली मार दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह वर्ष 2006 से उक्त कार्यालय में चालक के पद पर कार्यरत था।

पिछले लगभग 4-5 महीनों से अधिकारी के साथ उसका विवाद चल रहा था। आरोपी के अनुसार, वह अधिकारी द्वारा कथित रूप से परेशान किए जाने से नाराज था इसी रंजिश के चलते उसने गोली चलाने की घटना को अंजाम दिया। पुलिस टीम में एसएचओ देवेंद्र सिंह रावत, एसएसआई अनुज सिंह, एसआई नवल किशोर गुप्ता, अपर उपनिरीक्षक मुन्ना नेगी, हेडकांस्टेबल जितेन्द्र कुमार, कांस्टेबल संजू सैनी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *