नारसन साधन सहकारी समिति में वृहद ऋण मेले का आयोजन, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष चौधरी विजेंद्र सिंह और उपाध्यक्ष सुशील राठी ने 54 किसानों को करीब 51 लाख रुपये के ऋण चेक किए वितरित
रुड़की। सहकारिता विभाग हरिद्वार तथा जिला सहकारी बैंक लिमिटेड हरिद्वार द्वारा जनपद के किसानों की सुविधा के लिए विकासखंड स्तरीय “वृहद ऋण मेला” का आयोजन नारसन साधन सहकारी समिति पर किया गया। ऋण मेले में विकासखंड की प्रारंभिक ऋण समितियों नारसन, लहबोली, मंगलौर पूर्वी, मंगलौर पश्चिमी, झबरेड़ा, लंढौरा तथा जिला सहकारी बैंक हरिद्वार की शाखा नारसन, मंगलौर, लंढौरा तथा झबरेड़ा के लाभार्थियों को स्वीकृत ऋण धनराशि का चैक वितरण किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला सहकारी बैंक हरिद्वार के अध्यक्ष चौधरी विजेंद्र सिंह द्वारा की गई।बैंक अध्यक्ष विजेंद्र चौधरी द्वारा अपने संबोधन में वर्तमान में किसानों को उर्वरक व बीज वितरण के संबंध में विभाग द्वारा लागू की गई नवीन प्रणाली के कारण कृषकों को हो रही असुविधा की दृष्टिगत पूर्व की ही व्यवस्था को लागू करने का निर्णय लिए जाने बारे में अवगत कराया। तथा संबंधित अधिकारियों को जनपद के सभी पात्र किसानों को उर्वरक आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित भी किया।
वृहद ऋण मेले में उपस्थित 54 लाभार्थियों को लगभग 51 लाख रुपए का ऋणों के चैक का वितरण भी किया गया। मेले के अंत में जिला सहकारी बैंक उपाध्यक्ष सुशील राठी द्वारा कृषकों को हित में दीनदयाल योजना अंतर्गत शून्य ब्याज दर पर बैंक तथा समितियों द्वारा किए जा रहे ऋण वितरण के संबंध में जानकारी देते हुए उपस्थित समस्त कृषकजनों व लाभार्थियों का आभार व्यक्त किया गया। मेले में नारसन समिति अध्यक्ष प्रतोष कुमार, निवर्तमान अध्यक्ष धूम सिंह, मंगलौर पूर्वी समिति के अध्यक्ष अवनीश सिंह, मंगलौर पश्चिम समिति के अध्यक्ष प्रतिनिधि हरेंद्र वरिष्ठ भाजपा नेता प्रभात चौधरी, वरिष्ठ सहकार राजदीप, जिला सहकारी बैंक हरिद्वार के उप-महाप्रबंधक चरण सिंह, ए०डी०सी०ओ० रियासत अली, शाखा प्रबंधक प्यारेलाल, नरेंद्र, रीता आर्य, अनुभाग अधिकारी अंकित गुप्ता, समिति सचिव अभिषेक चौधरी व बड़ी संख्या में कृषक उपस्थित रहे।























