जिला पंचायत सदस्य प्रदीप चौहान ने किशनपुर में सड़क का लोकार्पण और नन्हेड़ा अनंतपुर में एक सड़क का लोकार्पण और दूसरी सड़क के निर्माण कार्यं का उद्घाटन किया, कहा-ग्रामीणों को बेहतर सड़क सुविधा मिलने से आवागमन होगा सुगम
रुड़की । जिला पंचायत सदस्य प्रदीप चौहान ने किशनपुर गाँव में सड़क का लोकार्पण और नन्हेड़ा अनंतपुर गांव में एक सड़क का लोकार्पण और सड़क निर्माण कार्य का उद्घाटन किया। इस दौरान ग्रामीणों की मौजूदगी में विधिवत पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य शुरू कराया गया। सड़क निर्माण कार्य शुरू होने से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य प्रदीप चौहान ने कहा कि क्षेत्र के गांवों में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाना उनकी प्राथमिकता है। सड़कें ग्रामीण विकास की महत्वपूर्ण कड़ी हैं, जिनसे लोगों का आवागमन सुगम होता है और गांवों को मुख्य मार्गों से बेहतर संपर्क मिलता है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विकास कार्यों को निरंतर गति दी जा रही है और ग्रामीणों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल कराने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि किशनपुर और नन्हेड़ा अनंतपुर में सड़क निर्माण कार्य पूरा होने के बाद ग्रामीणों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी। विकास कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाएगा, ताकि लोगों को लंबे समय तक इसका लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी के नेतृत्व में जिले में तेजी से विकास कार्य किए जा रहे हैं। जिला पंचायत क्षेत्र में बिना किसी भेदभाव के सभी वर्गों का विकास किया जा रहा है। इस मौके पर भाजपा के वरिष्ठ नेता सत्येंद्र प्रधान ने कहा कि भाजपा सरकार का लक्ष्य हमेशा लोगों की सेवा करने का रहा है। ग्रामीणों को अच्छी सड़कें, रोजगार जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जिला पंचायत सदस्य प्रदीप चौहान के द्वारा किए जा रहे कार्य सराहनीय है। इस मौके पर मुस्तफा प्रधान, रणविजय सैनी, दिग्विजय सैनी, सतीश सैनी, मनोज चौहान, तरुण चौहान, डाॅ इनाम, शोएब प्रधान, मोहित यादव, आयुष चौहान, मुकरम, सन्नी त्यागी, संजय कुमार, उमेश आदि मौजूद रहे।























