मकर संक्रांति पर धर्मनगरी में हरकी पैड़ी पर श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी, कुम्भ मेला पुलिस ने सुरक्षा इंतजामों को पूरी तरह लागू करते हुए सुरक्षा प्रबंधों को परखा

हरिद्वार । मकर संक्रांति पर देश भर से आए श्रद्धालुओं ने हरकी पैड़ी सहित विभिन्न गंगा घाटों पर गंगा स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित किया। सवेरे चार बजे शुरू हुआ गंगा स्नान का सिलसिला सांय तक जारी रहा। कड़ाके की ठंड के बावजूद भारी संख्या में श्रद्धालु स्नान के लिए तड़के से ही हरकी पैड़ी समेत तमाम गंगा घाटो पर जुटने लगे थे। स्नान को संपन्न कराने के लिए पूरे मेला क्षेत्र को 7 जोन एवं 20 सेक्टरों में बांटकर सुरक्षा व यातायात प्रबंध किए गए थे। मकर संक्रांति स्नान को शाही स्नान की रिहर्सल रूप में लेते हुए कुम्भ मेला पुलिस ने सुरक्षा इंतजामों को पूरी तरह लागू करते हुए सुरक्षा प्रबंधों को परखा।जिलाधिकारी सी.रविशंकर, एसएसपी सेंथिल अवूदई कृष्णराज एस, मेला आईजी संजय गुंज्याल, मेला एसएसपी जनमेजय खण्डूरी समेत तमाम वरिष्ठ अधिकारी सुबह से हरकी पैड़ी पर मौजूद रहे। उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली आदि सहित कई राज्यों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान कर दान पुण्य आदि किया। स्नान के पश्चात श्रद्धालुओं ने सूर्य नारायण को अध्र्य देकर खिचड़ी, तिल आदि का दान कर भगवान सूर्यदेव से परिवारों के लिए मंगल कामना करते हुए सर्दी का प्रकोप कम करने की भी कामना की। मकर संक्रांति पर विशेष ज्योतिषीय संयोग का लाभ उठाने की इच्छा से कोरोन संक्रमण और भीषण ठंड के बावजूद बड़ी संख्या में स्नानार्थी स्नान के लिए हरिद्वार पहुंचे। जिला अधिकारी सी.रविशंकर ने बताया कि बड़ी संख्या में लोग स्नान के लिए पहुंचे। स्नान को संपन्न कराने में कोरोना एक बड़ी चुनौती है। कोरोना दिशा निर्देशों का पालन कराया जा रहा है। स्नान के लिए आए लोगों को मास्क भी वितरित किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *