शहर से लेकर देहात में धूमधाम से मनाया गया होलिका पर्व, महिलाओं ने होलिका की परिक्रमा कर धन-धान्य, सौभाग्य, संतान सुख एवं आरोग्य की कामना की

रुड़की । रुड़की में होलिका पर्व धूमधाम के साथ मनाया गया। इस दौरान महिलाओं ने होलिका की परिक्रमा कर धन-धान्य, सौभाग्य, संतान सुख एवं आरोग्य की कामना की। इस दौरान ढोल-नगाड़ों के साथ होली के गीत भी गाए गए। रविवार को होलिका पूजन के लिए सुबह से ही महिलाओं की लंबी लाइन लगी रही। पूरे क्षेत्र में उमंग और उल्लास दिखाई दिया। सुबह से ही शहर में सिविल लाइंस, मेन बाजार, सत्ती मोहल्ला, रामनगर, आवास विकास, आजाद नगर, गणेशपुर, सैनिक कॉलोनी, रेलवे स्टेशन आदि कई स्थानों पर होलिका तैयार की गई थी, वहां लोगों की भारी भीड़ लगी रही। महिलाएं और बच्चे सुबह से ही पूजन-सामग्री लेकर होलिका दहनस्थल पर पहुंच गए। इस दौरान कच्चे सूत से होली की परिक्रमा कर सुख-शांति समृद्धि की कामना के साथ-साथ अखंड सौभाग्य, संतान और आरोग्यता की कामना की गई। पंडित रजनीश शास्त्री ने बताया कि होली पर्व के समय नए अन्न आने का समय हो जाता है। इसलिए कुछ जगह होलिका दहन के दौरान लोग मटर, चना व जौ आदि भी भूनकर लाते हैं और उसे प्रसाद के रूप में वितरित किया जाता है। इसके अलावा बच्चे बडकुले लेकर होलिका पर जाते हैं वहां पर बडकुले रखे जाते हैं। वहीं शाम होते ही विभिन्न स्थानों पर रखी गयी होलिका का मंत्रोच्चारण के साथ दहन किया गया। लोगों ने परिक्रमा कर सुख शांति और समृद्धि की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *