बाजारों में तार-तार हुई सोशल डिस्टेंसिंग, कोरोना की बीमारी के प्रति बेपरवाह हैं लोग
भगवानपुर । कोरोना संक्रमण बढ़ता ही जा रहा है और कोरोना से संक्रमित लोगों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। रविवार को कोविड कर्फ्यू के बाद सोमवार को बाजार खुले तो खरीदारों की भीड़ उमड़ पड़ी। सोमवार को बाजार में कोविड नियमों की धज्जियां उड़ती रहीं। कहने को पुलिस प्रशासनिक मशीनरी दिन भर कवायद करती रही। मगर न सामाजिक दूरी का पालन हुआ और न मास्क की जरूरत समझी गई। शहर में बाजारों में भीड़ नजर आई। रविवार को कोविड कर्फ्यू में आमजनों में धैर्य, संयम और एकजुटता का जो तिलिस्म दिखा था सोमवार को वह टूट-टूट कर चकनाचूर होता नजर आया। लोग एक दूसरे को देख बाहर निकले और बाजार में बेपरवाह दिखाई दिए। बाजार में भीड़ के चलते कई बार जाम भी लगा। सोमवार को कहीं पर सोशल डिस्टेंसिंग लोगों के बीच नजर नहीं आया। इससे ऐसा लगा कि लोग पूरी तरह कोरोना की बीमारी के प्रति बेपरवाह हैं। न तो उन्हें अपनी जान की कोई परवाह है और न ही दूसरों की। इन दिनों कोरोना वायरस का संक्रमण लगातार बढ़ रहा है। अगर अब नहीं लोग नहीं चेते तो आखिर लोग कब चेतेंगे। बाजार में दुकानदारों द्वारा और न ही आमजन द्वारा सोशल डिस्टेंसिंग का कोई पालन नही किया गया। सभी लोग दुकानों पर एक दूसरे के नजदीक खड़े नजर आए। साथ ही अधिकतर लोग बिना मास्क के भी बाहर निकले। प्रशासन भी कोरोना के खतरे से बेखबर दिख रहा है।





























