रुड़की में कोरोना संक्रमित पांच और मरीजों की मौत, कोरोना का ग्राफ बढ़ने के साथ ही बढ़ता जा रहा है मौत का आंकड़ा

रुड़की । कोरोना का ग्राफ बढ़ने के साथ ही मौत का आंकड़ा भी बढ़ता जा रहा है। रुड़की में कोरोना संक्रमित पांच और मरीजों की मौत हो गई है। इनमें तीन की मौत निजी अस्पताल में हुई है, जबकि दो की मौत सिविल अस्पताल रुड़की में हुई है। क्षेत्र के एक निजी अस्पताल में कोरोना संक्रमित मरीजों का उपचार चल रहा है। बीती रात उपचार के दौरान तीन मरीजों की मौत हो गई है। इन मरीजों का ऑक्सीजन लेवल काफी कम हो गया था। इनमें दो मरीज रुड़की निवासी थे, जबकि एक भगवानपुर के सरठेड़ी निवासी महिला है।
वहीं, सिविल अस्पताल रुड़की में शनिवार को उपचार के लिए दो कोरोना संक्रमित मरीजों को लाया गया था। दोनों मरीजों की हालत बेहद गंभीर थी। दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें रेफर कर दिया था। लेकिन जब तक उन्हें हायर सेंटर ले जाने के लिए एंबुलेंस आदि आई। तब तक दोनों मरीजों की मौत हो गई। सिविल अस्पताल रुड़की के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संजय कंसल ने बताया कि मरीजों के फेफड़ों में कोविड के चलते ज्यादा इंफेक्शन था, जिसके कारण वह सांस नहीं ले पा रहे थे। उनका ऑक्सीजन लेवल काफी कम हो चुका था। इसी कारण उनकी मौत हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *