हरकी पैड़ी पर युवकों ने अर्द्धनग्न होकर मचाया हुड़दंग, आपदा प्रबंध समेत संबंधित धाराओं में पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया

हरिद्वार । हरकी पैड़ी मालवीय घाट पर बाहर से आए कुछ यात्रियों ने हुड़दंग मचाया। यात्रियों ने फूहड़ गीतों पर अर्द्धनग्न होकर डांस किया। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तो सभी वहां से भागने लगे। पुलिसकर्मियों ने हल्का बल प्रयोग कर सभी को भगा दिया। इस मामले में गंगासभा ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। बीते शुक्रवार रात को करीब साढ़े 11 बजे कुछ युवकों ने अर्द्धनग्न होकर तेज आवाज में साउंड सिस्टम चलाकर डांस करना शुरू कर दिया। आरोप है कि उक्त युवकों ने गाने बजाकर अश्लील हरकतें भी की। जिसके चलते घाट से गुजर रही महिलाओं को परेशानी हुई। इस प्रकरण का स्थानीय लोगों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। कुछ ही घंटों में ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वहीं रात में हुड़दंग की सूचना मिलने पर नगर कोतवाली के एसआई दिनेश रावत टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को देख कई युवक यहां से खिसक लिए। जबकि कुछ युवकों को पुलिस ने लाठी फटकार कर भगा दिया। नगर कोतवाली प्रभारी राजेश साह ने बताया क‌ि आपदा प्रबंध समेत संबंधित धाराओं में अज्ञात युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बता दें कि कुछ दिन पहले हरकी पैड़ी मालवीय घाट पर हुक्का पीते हुए कुछ किन्नर व युवकों की वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गई थी। पुलिस ने इन लोगों को भी घाट से भगा दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *