नहीं रहे सिंगर बप्पी लहरी, बॉलीवुड म्यूजिक में लगाया था पॉप का तड़का, सोने के थे शौकीन
मुंबई । बॉलीवुड सिंगर बप्पी लहरी नहीं रहे। वह 69 साल के थे। बुधवार (16 फरवरी, 2022) सुबह उन्होंने अपनी अंतिम सांस ली। समाचार एजेंसी पीटीआई ने एक डॉक्टर के हवाले से बताया कि मुंबई के एक अस्पताल में उनका निधन हो गया। कहा जा रहा है कि वह काफी समय से बीमार थे। महीने भर से अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। सोमवार को ही उन्हें डिस्चार्ज किया गया था। पर मंगलवार को अचानक उनकी सेहत बिगड़ गई। ऐसे में उनके परिजन ने डॉक्टर को बुलाया था, जिसके बाद उन्हें असप्ताल ले जाया गया। न्यूज एजेंसी को क्रिटिकेयर अस्पताल के निदेशक ने बताया, लहरी ओएसए (ऑब्स्ट्रक्टिव स्लीप ऐपनिया) की वजह से हुआ। बप्पी दा को 70 से 80 के दशक में बॉलीवुड संगीत में प्रयोग के लिए जाना जाता है। उन्होंने इसमें पॉप म्यूजिक का तड़का लगाया था। डिस्को डांसर गाने ने तो उन्हें खूब नाम और शोहरत दिलाई थी। उन्होंने गीत-संगीत के अलावा सियासत में भी हाथ आजमाया था। वह 2014 में चुनाव लड़े थे। 2014 के आम चुनाव में वह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से टिकट पाए थे और श्रीरामपुर सीट से लड़े थे।लहरी सोने के काफी शौकीन थे। सोने की मोटी चेन, अंगुठियां और ब्रेसलेट उनकी असेररीज का हिस्सा थीं। बप्पी दा ने तब अपने चुनावी हलफनामे में जानकारी दी थी कि उनके पास 756 ग्राम सोन और 4.62 किलोग्राम चांदी है, जबकि उनकी कुल संपत्ति तब 20 करोड़ रुपए थी। दरअसल, बप्पी दा अमेरिका के जाने-माने पॉप स्टार एल्विस प्रेसली से खासा प्रभावित थे। चूंकि, वह अपने शोज़ के दौरान सोने की चेन और अन्य जूलरी पहनते थे, लिहाजा वह भी सफल बनने पर उनके जैसा बनने की तमन्ना रखते थे। इस बारे में खुद लहरी ने एक इंटरव्यू में खुलासा किया था। बताया था- मैं प्रेसली से इंस्पायर होकर गोल्ड पहनता हूं। यह मेरे लिए लकी भी है। बप्पी दा के अलावा उनकी पत्नी चित्रानी लहरी भी सोने-चांदी की काफी शौकीन हैं। उनके पास पति से अधिक जूलरी है। जहां मशहूर संगीतकार के पास 754 ग्राम सोना था, तो वहीं पत्नी के पास 967 ग्राम सोना है। पत्नी के पास चार लाख रुपए के हीरों के साथ 8.9 किलो चांदी भी बताई जाती है। 27 नवंबर 1952 को पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी में जन्में बप्पी दा का असली नाम अशोक लहरी था। म्यूजिक इंडस्ट्री में उन्हें अपने काम की वजह से डिस्को किंग भी कहा जाता था। पर उनका असल नाम अशोक लहरी था।





























