शिवालिक नगर में पुलिसकर्मियों पर हमला, हत्थे चढ़े दो संदिग्ध युवक छुड़ाए, हरिद्वार पुलिस में मचा हड़कंप
हरिद्वार । पॉश कॉलोनी शिवालिक नगर में पुलिसकर्मियों पर हमला कर उनके हत्थे चढ़े दो संदिग्ध युवक छुड़ा लिए गए। हमले में एक पुलिसकर्मी की आंख पर गंभीर चोट आई है, जबकि दूसरे पुलिसकर्मी को मामूली चोट लगी है। घटनास्थल से चारों संदिग्ध युवक फरार होने में कामयाब रहे, जिनकी धरपकड़ के लिए पुलिस प्रयास कर रही है। पुलिसकर्मियों पर हमले की वारदात से हरिद्वार पुलिस में हडकंप मचा हुआ है। पुलिस कप्तान डॉ. योगेंद्र सिंह रावत ने बताया कि आरोपियों को चिह्नित कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत प्रभावी धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



