वोटरों को उपहार या शराब बांटने पर जेल भेजने की चेतावनी, एसडीएम ने निर्वाचन अधिकारी के साथ पंचायत चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों की बैठक ली
रुड़की । एसडीएम ने खानपुर ब्लॉक के निर्वाचन अधिकारी के साथ पंचायत चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों की बैठक ली। उन्होंने प्रत्याशियों और उनके समर्थकों को चुनाव आयोग के निर्देशों का पालन करने की नसीहत दी। साथ ही वोटरों को उपहार या शराब बांटने पर जेल भेजने की चेतावनी भी दी। एसडीएम लक्सर गोपाल राम बिनवाल ने खानपुर थाना परिसर में वार्ड सदस्य, प्रधान, क्षेत्र पंचायत और जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों की बैठक ली। उन्होंने प्रत्याशियों, समर्थकों को पंचायत चुनाव को लेकर चुनाव आयोग के प्रावधानों की जानकारी दी और इसके पालन को कहा। सलाह दी कि प्रत्याशी व समर्थक मतदाताओं से मिलकर अपनी प्राथमिकताएं बताएं, लेकिन दूसरे प्रत्याशियों को लेकर कमेंट न करें।उन्होंने वोटरों को रिझाने के लिए उपहार या शराब बांटने पर मुकदमा दर्ज कर जेल भिजवाने की हिदायत भी दी। खानपुर के निर्वाचन अधिकारी वेद प्रकाश ने कहा कि पुलिस प्रशासन की ओर से पंचायत चुनाव की सख्त निगरानी कराई जा रही है। किसी ने गड़बड़ की तो तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

