हरिद्वार: नशे में पानी की टंकी पर चढ़ी महिला, कई घंटे तक चला ड्रामा, मचा अफरातफरी का माहौल
हरिद्वार । ज्वालापुर क्षेत्र के आर्यनगर में उस समय अफरातफरी का माहौल बन गया जब शराब के नशे में धुत एक महिला पानी की टंकी पर चढ़ गई। कई घंटे तक चले ड्रामे के बाद रेल चौकी पुलिस ने समझा-बुझाकर कर महिला को टंकी से नीचे उतारा। प्रारंभिक पूछताछ में पारिवारिक कलह के चलते महिला के टंकी पर चढ़ने की बात सामने आ रही है। पुलिस ने मेडिकल परीक्षण के लिए महिला को जिला अस्पताल भेजा है। घटना आर्यनगर क्षेत्र की गली नंबर तीन की है। दोपहर के वक्त एक महिला को पानी की टंकी पर चढ़ा देखकर क्षेत्रवासी सन्न रह गए। देखते ही देखते टंकी के नीचे भीड़ जमा होना शुरू हो गई। महिला के पानी की टंकी पर चढ़ने की सूचना मिलते ही पुलिस के होश फाख्ता हो गए। सूचना मिलने पर रेल चौकी प्रभारी सुधांशु कौशिक, कांस्टेबल अमित गौड़, संजय रावत मौके पर पहुंचे। देखा कि महिला टंकी पर चढ़ी हुई थी और नीचे नहीं उतर रही थी। पुलिस की बात जब महिला ने नहीं मानी तब पुलिस ने टंकी पर चढ़ना शुरू किया। जैसे-तैसे पुलिसकर्मी महिला को समझाबुझाकर टंकी से नीचे उतारने में कामयाब रहे।सामने आया कि महिला ने शराब पी हुई है। आनन फानन में महिला को कोतवाली लाया गया। चौकी प्रभारी ने बताया कि महिला मूल रूप से बडापुर नगीना बिजनौर की रहने वाली है। वर्ष 2012 में महिला के पति की मौत हो चुकी थी। संभवत परिवार से नाराजगी के चलते ही महिला टंकी पर चढ़ी थी, उसका मेडिकल परीक्षण कराया है। होश में आने पर महिला से बातचीत की जाएगी।


