पुलिस से अभद्रता करने पर युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज, चेकिंग अभियान के दौरान युवक ने हाइवे निर्माण कंपनी का कर्मचारी बताकर की अभद्रता, सरकारी कार्य में बाधा डालने पर मुकदमा दर्ज कार्रवाई शुरु की
भगवानपुर । दिल्ली देहरादून राजमार्ग पर स्थित पुहाना चौक पर पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान एक वाहन का चालान करना चाहा। तभी एक अन्य युवक ने आकर पुलिस से अभद्रता कर दी। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर मुकदमा दर्ज किया है। उपनिरीक्षक अशोक कश्यप टीम के साथ पुहाना चौक पर चेकिंग कर रहे थे। तभी एक वाहन के आने पर पुलिस ने उसे रोक लिया। पुलिस ने चालक को कागज दिखाने को कहा तो उसने फोन करके एक अन्य युवक को बुला लिया। युवक ने मौके पर पहुंचकर अपने को हाईवे निर्माण का कार्य करने वाली कंपनी का कर्मचारी बताकर अभद्रता शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले थाने लाकर उसका चालान कर दिया। थाना प्रभारी संजीव थपलियाल ने बताया कि आरोपी पवन कुमार निवासी दीघाट केम्प पलवल है। उसके खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, गाली गलौज करने आदि की धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।





























