महाशिवरात्रि पर शिवालयों में गूंजा जय महाकाल का जयनाद, शहर से देहात तक शिवालयों में बड़ी संख्या में उमड़े श्रद्धालु

रुड़की। महाशिवरात्रि पर्व पर शहर से देहात तक शिवालयों में बड़ी संख्या में उमड़े श्रद्धालुओं ने बम-बम भोले के जयनाद के साथ जलाभिषेक किया। इस दौरान शिवभक्तों ने भगवान शिव को बेलपत्र के साथ दूध, दही, शहद, हल्दी आदि पवित्र सामग्रिया अर्पित कर जल का अभिषेक किया। पर्व पर जगह-जगह मंदिरों को भव्य रूप से सजाया गया था। तैयारियों के मद्देनजर ब्रह्ममुहूर्त से पहले ही शिवालयों की साफ सफाई की गई। इसके बाद दिन भर भक्तों का तांता लगा रहा। कई समाजिक संगठनों की ओर से प्रसाद का वितरण किया गया। रुड़की सिविल लाइंस स्थित प्राचीन सिद्धेश्वर मंदिर में सुबह से भक्तों की भारी भीड़ जुटी। मंदिर परिसर से कोतवाली के गेट तक श्रद्धालुओं की कतारें लगी रही। लोग अपनी बारी का इंतजार करते हुए और ओम नम: शिवाय का जाप करते नजर आए। बारी आने पर विधि विधान से भगवान शिव का अभिषेक किया। इस दौरान मंदिर पहुंचने वाले शिवभक्तों को फलों आदि का वितरण किया गया। साथ ही व्रती श्रद्धालुओं के लिए अलग से प्रसाद की व्यववस्था की गई थी। इसके अलावा प्रेम मंदिर, रामनगर स्थित राम मंदिर और शिव चौक भी भक्तों की भारी भीड़ रही। वहीं गणेशपुर, आवास विकास, आदर्शनगर, चावमंडी, लालकुर्ती, सुभाषनगर, शिवपुरम आदि जगहों पर भी शिवालयों में भक्तों की भारी भीड़ जुटी। शिवालयों में जलाभिषेक का सिलसिला देर रात तक चला। इस दौरान मंदिरों में भगवान शिव के नाम के जयघोष गूंजते रहे।

पर हमसे जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक  करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के अपडेट के लिए हमे पर फॉलो करे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *