हॉकी खिलाड़ी वंदना कटारिया के घर के बाहर पटाखे फोड़ने पर एक गिरफ्तार, भारत की हार पर खुशी जताते हुए अराजक तत्वों ने पटाखे फोड़े और शर्ट उतारकर किया था डांस

हरिद्वार । टोक्यो ओलंपिक में भारतीय महिला हॉकी टीम की हार के बाद हॉकी खिलाड़ी वंदना कटारिया के घर के बाहर पटाखे जलाने को लेकर हुए हंगामे के बाद सिडकुल पुलिस ने दो सगे भाइयों समेत तीन युवकों पर परिजनों को उसकाने और अभद्रता करने पर केस दर्ज किया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। वंदना के बड़े भाई चंद्रशेखर कटारिया की शिकायत पर कार्रवाई की गई है। चंद्रशेखर कटारिया ने कहा कि भारत की हार पर खुशी जताते हुए अराजक तत्वों ने उनके घर के बाहर आकर पटाखे फोड़े और शर्ट उतारकर डांस किया था। विरोध करने पर गाली-गलौज और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया गया। बुधवार को महिला हॉकी टीम भारत और अर्जेंटीना के बीच हुए मुकाबले में 2-1 से हार गई थी। आरोप है कि महिला हॉकी खिलाड़ी वंदना कटारिया के घर रोशनाबाद गांव में दो युवकों ने भारत की हार पर पटाखे जलाए थे। आरोप है कि परिजनों ने जब उनको रोका तो गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद हो गया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पटाखे जलाने वाले युवक को हिरासत में ले लिया था। सिडकुल एसओ लखपत सिंह बुटोला ने बताया कि चंद्रशेखर कटारिया पुत्र नाहर सिंह कटारिया रोशनाबाद की शिकायत पर 504 और 3(1) द की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। बुधवार रात विजयपाल पुत्र टीटू पाल निवासी रोशनाबाद को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया है। मेडिकल जांच के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाएगा। सुमित चौहान पुत्र धनसिंह चौहान निवासी नवोदय नगर रोशनाबाद और अंकुर पाल की तलाश की जा रही है।

पर हमसे जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक  करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के अपडेट के लिए हमे पर फॉलो करे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *