लाॅकडाउन का उल्लंघन करने पर पुलिस ने 12 युवकों को गिरफ्तार किया, 8 का पुलिस एक्ट में चालान

रुड़की । लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर पुलिस ने अलग-अलग जगहों से 12 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें से आठ लोगों का पुलिस एक्ट में चालान किया है, जबकि अन्य पर मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं कलियर में पुलिस ने लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर 10 युवकों को मुर्गा भी बनाया। बाद में इन्हें चेतावनी देकर छोड़ा। पूरे प्रदेश में लॉकडाउन जारी है। इसके बावजूद कई ऐसे लोग हैं जोकि लॉकडाउन का उल्लंघन कर पुलिस के लिए परेशानी का कारण बन रहे हैं। पुलिस भी ऐसे लोगों पर कार्रवाई कर रही है। इसके बावजूद लोग अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। शहर से लेकर देहात तक कोई दुकान खोल रहा तो कोई बेवजह सड़क पर घूम रहा है, जिसके चलते लॉकडाउन का उल्लंघन हो रहा है। सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस ने मंगलवार रात से लेकर बुधवार सुबह तक लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर आठ लोगों को गिरफ्तार किया। सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह ने बताया कि मोहित निवासी पश्चिमी अंबर तालाब, रवि, शाहिल, चांद निवासी भारत कालोनी, प्रीतम निवासी गंगा एंक्लेव, त्रिलोक निवासी न्यू कीर्ति नगर, समीर निवासी भारत नगर और आरिफ निवासी पठानपुरा पर लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर 81 पुलिस एक्ट में कार्रवाई की गई है। वहीं गंगनहर कोतवाली पुलिस ने भी लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर मनोज निवासी शेखपुरी मोहल्ला तथा दिनेश निवासी मालवीय चौक को गिरफ्तार किया है। इन पर मुकदमा दर्ज किया गया है। इंस्पेक्टर राजेश साह ने बताया कि मनोज को पहले भी लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर गिरफ्तार किया गया था। वहीं भगवानपुर पुलिस ने भी लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर दो लोगों को गिरफ्तार किया है। भगवानपुर पुलिस ने दो वाहन सीज कर पांच वाहनों का चालान किया है। इसके अलावा देहात क्षेत्र में पुलिस ने कई युवकों को लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर फटकार लगाई। इनमें ठेली लगाने वाले तथा बाइक सवार युवक भी शामिल थे।

पर हमसे जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक  करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के अपडेट के लिए हमे पर फॉलो करे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *