पेट्रोल-डीजल की महंगाई पर व्यापारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ किया प्रदर्शन, कहा लगातार बढ़ते तेल के दामों से जनता परेशान
हरिद्वार । महानगर व्यापार मंडल (सेठी) के जिलाध्यक्ष सुनील सेठी के नेतृत्व में व्यपारियों ने पेट्रोल-डीजल के दामों में लगातार बढ़ोतरी पर बस अड्डे के पास केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। सुनील सेठी ने कहा कि लगातार पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ती जा रही हैं। जिससे घरेलू बजट बिगड़ रहा है। तेल के बढ़ते दामों के कारण बाजारों में खाद्य सामग्री के रेट भी बढ़ रहे हैं। सब्जियों के दाम आसमान छू रहे हैं। सेठी ने कहा कि लगातार बढ़ते तेल के दामों से जनता परेशान हो गई है। सरकार राहत देने के बजाय जनता पर महंगाई का बोझ लाद रही है। उन्होंने पेट्रोल-डीजल को जीएसटी से बाहर करने की मांग की। सेठी ने कहा कि आज पेट्रोल-डीजल गरीब आदमी की पहुंच से बाहर हो गए हैं। गरीब लोगों ने वाहन चलाने बंद कर दिए है। महानगर अध्यक्ष जितेंद्र चौरसिया एवं महामंत्री नाथीराम सैनी ने कहा कि लॉकडाउन से पहले ही आमजनमानस व व्यापारी आर्थिक संकट से जूझते आ रहे हैं। बच्चों के स्कूलों की फीस, बिजली, पानी के बिल जमा करने के लिए भी व्यापारियों के पास पैसे नहीं है। वहीं, पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों की वजह से घरेलू सामान महंगा होता जा रहा है। लगातार पेट्रोल-डीजल के दामों में बढ़ोतरी जनता को रुला रही है। जिसका जवाब जनता समय पर जरूर देगी। प्रदर्शन करने वालों में मुकेश अग्रवाल, दलजीत सिंह, गौरव गौतम, सोनू चौधरी, हन्नी दामिर, सन्नी दामिर, धर्मपाल सिंह, नरेश चौहान, हर्ष गंभीर, रवि जोशी आदि शामिल रहे।
पर हमसे जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के अपडेट के लिए हमे पर फॉलो करे