नगर पंचायत का दर्जा मिलने पर ग्रामीणों में खुशी, सीएम त्रिवेंद्र और शहरी विकास मंत्री मदन का जताया आभार

हरिद्वार। राज्य सरकार ने आखिरकार रुड़की तहसील की चार ग्राम पंचायतों को चार नगर पंचायतों में तब्दील कर दिया है। इसके साथ ही लंबे समय से पंचायत बनने की राह देख रहे ग्रामीणों की विकास कार्यो में तेजी आने की उम्मीद अब पूरी होती दिख रही है। 31 मार्च को जिले में पंचायतों का कार्यकाल पूरा होने जा रहा है। इस समय पंचायतों में परिसीमन की प्रक्रिया चल रही है। पंचायत चुनाव से ठीक पहले सरकार ने रुड़की विकास खंड के इमलीखेड़ा ग्राम पंचायत को नगर पंचायत का दर्जा दे दिया है। यह ग्राम पंचायत शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक की पैतृक ग्राम पंचायत है। इसी तरह रामपुर एवं पाड़ली ग्राम पंचायत वर्ष 2015 से पहले एक ही ग्राम पंचायत होती थी। कांग्रेस के शासनकाल में दोनों ही गांव को रुड़की नगर निगम में शामिल कर दिया गया। इसके बाद प्रदेश में सत्ता परिवर्तन हुआ तो भाजपा सरकार ने दोनों ही गांव को रुड़की नगर निगम से बाहर कर दिया। मामला अदालत तक पहुंचा। इसके बाद अदालत में लंबी लड़ाई चली। वर्ष 2019 में सरकार ने दोनों गांव को बाहर करते हुए कुछ नए क्षेत्र को शामिल कर रुड़की नगर निगम के चुनाव कराए। साथ ही सरकार ने घोषणा की थी कि दोनों ही गांव को ग्राम पंचायत का दर्जा दिया जाएगा। अब जाकर सरकार ने पाड़ली एवं रामपुर को नगर पंचायत बनाया है। रामपुर वर्तमान कलियर विधायक फुरकान अहमद का पैतृक गांव है। इसी तरह से ढंडेरा ग्राम पंचायत को भी नगर पंचायत का दर्जा दे दिया है। ढंडेरा को वर्ष 2016 में तत्कालीन हरीश रावत सरकार ने नगर पंचायत का दर्जा दिया था। लेकिन, प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के साथ ही मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया। इसके बाद भाजपा नेता रवि राणा ने शासन से लेकर अदालत में इस मामले की पैरोकारी की। अब जाकर ढंडेरा को भी नगर पंचायत का दर्जा मिल गया है। ढंडेरा नगर पंचायत बनाए जाने पर भाजपाइयों और स्थानीय लोगों ने खुशी मनाई। भाजपा किसान मोर्चा के जिला मंत्री सतीश नेगी ने मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, केंद्रीय मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक और शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक का अभार जताया। इस दौरान देव सिंह सामंत, सुमन, भारत बड़थ्वाल, गब्बर सिंह, दिगंबर सिंह नेगी, शिव सिंह रावत, किशन रावत, दीवान सिंह मेहता, सुदर्शन सिंह नेगी, गुरु प्रसाद डोभाल, राम सिंह भंडारी, संजय पाल, पंजाब, मनोज पाल, मातबर सिंह रावत आदि मौजूद रहे। भाजपा नेता रवि राणा ने कहा है कि नगर पंचायत बनने से ढंडेरा का तेजी से विकास होगा।

पर हमसे जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक  करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के अपडेट के लिए हमे पर फॉलो करे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *