उत्तम शुगर मिल लिब्बरहेड़ी में बिना लाइसेंस और पहचान के 13 कर्मचारी मिले, लिब्बरहेड़ी सहकारी गन्ना विकास समिति के सचिव प्रभारी ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर मजदूरों की तत्काल जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की
मंगलौर । उत्तम शुगर मिल लिब्बरहेड़ी में बिना लाइसेंस और पुलिस सत्यापन के 13 मजदूरों के कार्यरत होने का मामला सामने आया है। इस संबंध में लिब्बरहेड़ी सहकारी गन्ना विकास समिति के सचिव प्रभारी अनन्त सिंह ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर मजदूरों की तत्काल जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की है। सचिव प्रभारी अनन्त सिंह ने बताया कि उन्होंने मिल के गेट स्थित तौल कांटे का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान गन्ना क्रय केंद्रों पर तैनात तौल लिपिकों के पास न तो लाइसेंस मिला और न ही किसी प्रकार का पहचान पत्र। पूछताछ में दो लिपिकों ने खुद को जम्मू-कश्मीर का निवासी बताया।
शिकायत में कहा गया है कि सूचना दिए जाने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां जांच के दौरान पता चला कि कुल 13 कर्मचारी ऐसे हैं जो जम्मू-कश्मीर के निवासी हैं और बिना किसी पुलिस सत्यापन के मिल में कार्यरत हैं। अनन्त सिंह ने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में कोई अप्रिय घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी मिल प्रशासन की होगी। उन्होंने मांग की कि इन 13 कर्मचारियों सहित मिल के अन्य कर्मचारियों का भी पुलिस सत्यापन कराया जाए और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाए।


