राजकमल कॉलेज के छात्र प्रज्वल सिंह ने एथलेटिक्स में जीता स्वर्ण, अंतर–विश्वविद्यालय के लिए चयनित

बहादराबाद । राजकमल साइंस एंड मैनेजमेंट कॉलेज, बहादराबाद के बी.एससी. के छात्र प्रज्वल सिंह ने देहरादून स्थित महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स स्टेडियम में श्री देव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित एथलेटिक्स प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर ऊँची कूद व लंबी कूद में स्वर्ण पदक हासिल किया। प्रज्वल की इस उपलब्धि से कॉलेज एवं क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर प्रज्वल सिंह का चयन दिसंबर माह में आयोजित होने वाली अंतर–विश्वविद्यालय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए विश्वविद्यालय की टीम में किया गया है। प्रज्वल इससे पहले भी कई राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेकर मेडल जीत चुके हैं और लगातार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते आ रहे हैं।

प्रज्वल की इस शानदार उपलब्धि पर महाविद्यालय की सचिव श्रीमती राजेश देवी ने उन्हें विशेष पुरस्कार प्रदान किया तथा घोषणा की कि अंतर–विश्वविद्यालय प्रतियोगिता में स्थान प्राप्त करने पर प्रज्वल की शिक्षा पूरी तरह निःशुल्क की जाएगी।
राजकमल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राघवेंद्र चौहान ने प्रज्वल को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि छात्र की कड़ी मेहनत का परिणाम है और साथ ही यह संस्थान की खेलों के प्रति प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है। प्रज्वल का प्रदर्शन अन्य विद्यार्थियों को भी खेलों में उत्कृष्टता प्राप्त करने की प्रेरणा देगा। हमें विश्वास है कि प्रज्वल भविष्य में राष्ट्रीय स्तर पर भी कॉलेज और शहर का नाम रोशन करेगा।

खेल प्रभारी विनीत कुमार ने भी इस उपलब्धि को प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि प्रज्ज्वल की मेहनत अन्य विद्यार्थियों को भी खेलों में भागीदारी के लिए प्रोत्साहित करेगी। स्वर्ण पदक प्राप्त करने के बाद प्रज्वल सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय अपने पिता महिपाल सिंह को दिया। उन्होंने कहा कि पिता मेरे लिए कोच की तरह हैं। उनके मार्गदर्शन और प्रशिक्षण की वजह से ही मैं इस स्तर तक पहुँच पाया हूँ। महिपाल सिंह वर्तमान में जनपद उत्तरकाशी में उत्तराखंड पुलिस में अपनी सेवाएँ दे रहे हैं। वे वर्ष 2002 में स्पोर्ट्स कोटे के माध्यम से पुलिस विभाग में चयनित हुए थे।समय मिलने पर वे क्षेत्र के सैकड़ों बच्चों को निःशुल्क खेल प्रशिक्षण प्रदान करते हैं। उनकी कोचिंग से अब तक दर्जनों बच्चे विभिन्न सरकारी सेवाओं में चयनित होकर देश की उन्नति में योगदान दे रहे हैं। महिपाल सिंह स्वयं भी राष्ट्रीय स्तर की कई एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अनेक पुरस्कार जीत चुके हैं, जिससे प्रज्वल को प्रेरणा मिली है। बधाई देने वालों में महाविद्यालय के प्रबंध समिति सदस्य दुष्यंत प्रताप, नितिन चौहान, व मनीष कुमार चौहान प्रबंधक अशोका इंटरनेशनल स्कूल व प्रवक्तागण डॉ. दीक्षा चौहान, डॉ. नीरज शर्मा, डॉ. अनिरुद्ध कुमार, डॉ. दीपा, प्रवीण कुमार, अजय कुमार, इशिका पंडित, आस्था यादव, सिया पाल, प्रिया सैनी, नैनसी चौहान, शिखा राठी, अरबाब राव, फ़िज़ा राव, रवि कुमार, राजदीप रावत,सहित कई लोग शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *