लक्ष्य तय कर मेहनत करें तो सफलता जरूर मिलेगी: उपजिलाधिकारी, राजकीय इंटर कॉलेज गंगाऊ में आयोजित हुआ अफसर बिटिया कार्यक्रम

पौड़ी। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की ओर से बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत विकासखंड थलीसैंण के राजकीय इंटर कॉलेज गंगाऊ में अफसर बिटिया कार्यक्रम एवं करियर परामर्श का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उपजिलाधिकारी थलीसैंण कृष्णा त्रिपाठी ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

उपजिलाधिकारी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि लक्ष्य तय कर निरंतर मेहनत की जाए तो सफलता जरूर मिलती है। उन्होंने छात्राओं से उनके भविष्य के लक्ष्य पूछे और उन्हें प्रेरित करते हुए संघ लोक सेवा आयोग तथा प्रांतीय सिविल सेवा परीक्षाओं की प्रक्रिया भी सरल शब्दों में समझाई। कार्यक्रम के अंतर्गत ‘मेरे सपनों की उड़ान’ विषय पर जूनियर एवं सीनियर वर्ग की छात्राओं द्वारा चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें कुल 35 छात्राओं ने प्रतिभाग किया।

बाल विकास परियोजना अधिकारी पूजा गुसाईं ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान की शुरुआत, उद्देश्य एवं महत्व के बारे में जानकारी दी। थानाध्यक्ष ने छात्राओं को बाल लैंगिक अपराध संरक्षण अधिनियम-2012 तथा साइबर अपराध के बारे में जानकारी दी। वन विभाग से आए उप वन क्षेत्राधिकारी ने विभाग की कार्यप्रणाली और जिम्मेदारियों से छात्राओं को अवगत कराया।

स्वास्थ्य विभाग की ममता जोशी ने चिकित्सा क्षेत्र में उपलब्ध परीक्षाओं और करियर विकल्पों पर जानकारी देते हुए अपने अनुभव भी साझा किए। वहीं अधिवक्ता लक्ष्मी रावत ने लैंगिक अपराधों, स्वयं की सुरक्षा, कानूनी अधिकारों तथा सहायता सेवाओं के बारे में बताया। उन्होंने महिला हेल्पलाइन 181 और बाल हेल्पलाइन 1098 की जानकारी भी छात्राओं को दी।

कार्यक्रम के अंत में चित्रकला प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक, शिक्षिकाएं, छात्र–छात्राएं सहित अन्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *