राज्य सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने पर 23 से 25 मार्च तक जनपद में होंगे विविध कार्यक्रम, कार्यक्रम के सफल आयोजन के दृष्टिगत जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने किया अगस्त्यमुनि स्थित बहुउद्देशीय क्रीड़ा भवन का निरीक्षण

रुद्रप्रयाग। जनपद रुद्रप्रयाग में राज्य सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में “जन-जन की सरकार – 4 साल बेमिसाल” थीम के अंतर्गत 23 से 25 मार्च, 2026 तक तीन दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उक्त कार्यक्रमों की तैयारियों के क्रम में जिलाधिकारी विशाल मिश्रा तथा पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर ने आज अगस्त्यमुनि स्थित बहुउद्देशीय क्रीड़ा भवन का संयुक्त निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

जिलाधिकारी ने बताया कि कार्यक्रमों का उद्देश्य राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुँचाना तथा पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित करना है। जनपद स्तर पर कार्यक्रम मा० मुख्यमंत्री/प्रभारी मंत्री द्वारा नामित प्रतिनिधि की अध्यक्षता में आयोजित होंगे, जबकि देहरादून में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी इस दौरान किया जाएगा।

अगस्त्यमुनि स्थित बहुउद्देशीय क्रीड़ा भवन में 23 मार्च को मुख्य कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसका शुभारंभ प्रातः 10:00 बजे होगा। इसमें विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर योजनाओं का प्रचार-प्रसार, आवेदन एवं पंजीकरण की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही चिकित्सा शिविर, रक्तदान शिविर, दिव्यांगजन कैम्प, महिला-बालिका स्वास्थ्य शिविर, मैराथन, खेलकूद सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनमें उत्तराखण्ड की लोक परंपराओं, लोक नृत्य, लोक गायन एवं लोक कला का प्रदर्शन किया जाएगा।

पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर ने कार्यक्रमों के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी तथा यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी। साथ ही उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी सतर्कता एवं तत्परता बनाए रखें, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करें। युवाओं के लिए कौशल विकास, स्वरोजगार एवं उद्यमिता, तथा महिलाओं के लिए सशक्तिकरण एवं पोषण संबंधी योजनाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही डिजिटल सेवाओं के उपयोग एवं स्वच्छता एवं नदी संरक्षण के प्रति भी जागरूक किया जाएगा।

उन्होंने आमजन से अपील की कि अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रमों में सहभागिता कर योजनाओं का लाभ उठाएं।

निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, जिला विकास अधिकारी अनिता पंवार, उपजिलाधिकारी रुद्रप्रयाग सोहन सिंह सैनी, जिला कार्यक्रम अधिकारी अखिलेश मिश्रा सहित अन्य उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *