भगवानपुर पुलिस ने प्रतिबंधित मांस के मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया, घटना में इस्तेमाल की गई दो बाइक भी बरामद
भगवानपुर । भगवानपुर पुलिस ने रविवार रात को प्रतिबंधित मांस के मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से घटना में इस्तेमाल की गई दो बाइक भी बरामद की हैं। पुलिस को 20 मार्च को सूचना मिली थी कि किशनपुर जमालपुर के जंगल में कुछ लोग पशु का अवैध कटान कर रहे हैं। इस पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो वहां मांस और कटान में इस्तेमाल होने वाले उपकरण मिले। इसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के बाद पुलिस टीम ने लगातार दबिश देते हुए और मुखबिर की सूचना पर रविवार रात रुड़की क्षेत्र से इल्ताफ उर्फ भुट्टो, वसीम, आलम, गुलजार और कल्लू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ में कुछ अन्य लोगों के नाम भी सामने आए हैं। कोतवाली प्रभारी राजीव रोथाण ने बताया कि सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश कर दिया गया है। बाकी लोगों की तलाश जारी है।

