हरिद्वार: गोवंश संरक्षण अधिनियम व पशु क्रूरता निवारण अधिनियम का बार बार उल्लंघन करने वालों की कुंडली तैयार
हरिद्वार। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के नेतृत्व में गोवंश संरक्षण अधिनियम एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम का बार-बार उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की तैयारी की गई है। एसएसपी ने प्रभारी गोवंश संरक्षण स्क्वाड से जनपद में गोवंश तस्करी, गोकशी व पशु क्रूरता से जुड़े व्यक्तियों का डाटा तलब किया गया है। जानकारी के आधार पर जनपद के 11 कोतवाली और थानों में 57 गैंग के 162 आरोपियों को चिह्नित किया गया है।
उनके विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई की जाएगी। इसके अतिरिक्त 67 आरोपियों के विरुद्ध गुंडा एक्ट की कार्रवाई किए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। गुंडा एक्ट के अंतर्गत इन आरोपियों को जिला बदर करने की कार्रवाई के लिए पुलिस द्वारा तैयारी की जा रही है।लगातार गोकशी अथवा पशु क्रूरता में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों को भारी धनराशि से पाबंद किया जाएगा।
यदि कोई आरोपी मुचलका तोड़ता है तो उसकी पाबंद धनराशि जब्त की जाएगी। हरिद्वार पुलिस ने स्पष्ट किया गया है कि गोकशी या पशु क्रूरता जैसे अपराधों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने अपील कि है कि भी कोई अवैध पशु कटान या पशु क्रूरता करता हुआ पाया जाता है तो इसकी सूचना अपने नजदीकी थाना या गौर संरक्षण एस्कॉर्ट टीम को दें। शिकायतकर्ता का नाम गोपनीय रखा जाएगाl

