श्री केदारनाथ यात्रा 2026: जिलाधिकारी विशाल मिश्रा का जमीनी निरीक्षण, व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ करने के निर्देश

रुद्रप्रयाग। श्री केदारनाथ धाम यात्रा 2026 के सुगम, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित संचालन को सुनिश्चित करने हेतु जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा के नेतृत्व में जिला प्रशासन द्वारा लगातार यात्री सुविधाओं की मॉनिटरिंग की जा रही है, इसी क्रम में आज जिलाधिकारी द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग-107 होते हुए विभिन्न व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने यात्रा व्यवस्थाओं का गहन जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने सोनप्रयाग में स्थापित जी-मैक्स यात्रा कंट्रोल रूम का निरीक्षण करते हुए वहां संचालित मॉनिटरिंग व्यवस्था, संचार प्रणाली एवं आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र की समीक्षा की। उन्होंने कंट्रोल रूम की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी एवं त्वरित बनाने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी स्थिति में यात्रियों को तत्काल आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

इसके उपरांत जिलाधिकारी द्वारा सोनप्रयाग पार्किंग स्थल का भी निरीक्षण किया गया। उन्होंने पार्किंग प्रबंधन, यात्री आवागमन की व्यवस्था एवं ट्रैफिक नियंत्रण प्रणाली का जायजा लेते हुए व्यवस्थाओं को और सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने यात्रियों से सीधे संवाद कर उनके अनुभव एवं सुझाव भी प्राप्त किए, तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

निरीक्षण क्रम में जिलाधिकारी ने फाटा जामू स्थित हेलीपैड का भी दौरा किया। उन्होंने हेली सेवाओं के संचालन, ईंधन (फ्यूल) की उपलब्धता, सुरक्षा मानकों एवं आपातकालीन व्यवस्थाओं का विस्तृत निरीक्षण किया। साथ ही हेलीपैड पर यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का भी जायजा लेते हुए व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि केदारनाथ यात्रा में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु की सुरक्षा एवं सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को समन्वय बनाकर कार्य करने एवं सतत निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन द्वारा यात्रा मार्ग पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित, सुगम एवं सुखद यात्रा का अनुभव प्राप्त कर सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *