बुद्ध पूर्णिमा पर धर्मनगरी में उमड़ा आस्था का सैलाब, श्रद्धालुओं ने हर-हर गंगे के जयघोष के बीच गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य लाभ अर्जित किया
हरिद्वार। बुद्ध पूर्णिमा पर देश के विभिन्न राज्यों से आए लाखों श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित किया। बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर धर्मनगरी हरिद्वार में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। स्नान के लिए उमड़े श्रद्धालुओं ने हरकी पौड़ी सहित विभिन्न् गंगा घाटों पर आस्था की डुबकी लगायी और परिवार के लिए सुख समृद्धि की कामना की।
स्नान का सिलसिला सवेरे से ही शुरू हो गया था, जो देर शाम तक चलता रहा। स्नान को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने मेला क्षेत्र को जोन व सेक्टरों में विभाजित कर सुरक्षा और यातायात के पुख्ता इंतजाम किए थे।
सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ ड्रोन और सीसीटीवी कैमरे से मेला क्षेत्र पर प्रशासन की नजर रही। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह सहित तमाम पुलिस अधिकारी प्रमुख स्नान घाट हरकी पैड़ी सहित पूरे मेला क्षेत्र का भ्रमण कर सुरक्षा व यातायात इंतजामों का जायजा लेते रहे।



